भारतीय बाजार में मौजूद कई कार निर्माता कंपनियां हमारे पड़ोसी देश नेपाल में अपनी कारों का निर्यात करती हैं, लेकिन पड़ोसी देश में वाहनों पर इतना भारी टैक्स लगाया जाता है कि भारत में इसकी कीमत की तुलना में नेपाल में इन कारों की कीमत में 3 गुना तक इजाफा हो जाता है। साथ ही भारतीय बाजार में बिकने वाली कारों की एक रेंज पाकिस्तान में भी उपलब्ध है।
लेकिन पाकिस्तान में इन्हीं कारों की कीमतें आपको हैरान कर देंगी। भारत में बिकने वाली कई कारों की नेपाल में कीमत के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं, जिससे आपको समझ आएगा कि भारतीय बाजार में कारें कितनी किफायती कीमत पर मिलती हैं।
Tata Safari
Tata Motors की Tata Safari भारत में 15.25 रुपये से 23.46 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की कीमत पर बेची जा रही है। लेकिन तीन-पंक्ति वाली इस एसयूवी की कीमतें नेपाल में 63.56 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बराबर तक जाती हैं! इसका मतलब है कि नेपाल में Tata Safari भारत की तुलना में लगभग 2.7 गुना अधिक महंगी है। इसे 83.49 लाख नेपाली रुपये से 1 करोड़ से अधिक नेपाली रुपये की कीमत पर बेचा जाता है।
Kia Sonet
Kia Sonet जिसकी भारत में कीमत 7.15 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, नेपाल में इस कार की कीमत 36.90 लाख नेपाली रुपये के बेस-प्राइस से शुरू होती है। यह कीमत भारतीय मुद्रा में लगभग 23.10 लाख रुपये के बराबर है। नेपाल में इस हाई एंड इम्पोर्टेड कार पर कुल 298% तक टैक्स लगाया जाता है।
वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी ऑटोमोबाइल उद्योग के बारे में बात करें तो Suzuki पड़ोसी देश में कारों की एक बड़ी रेंज की बिक्री करती है, जो भारत में भी उपलब्ध हैं। Suzuki की इन कारों में Alto, Wagon R और Swift शामिल हैं। आपको बता दें कि पाकिस्तान में Suzuki Alto को 14.75 लाख पाकिस्तानी रुपये की कीमत पर बेचा जाता है।
भारतीय रुपये से इसकी तुलना करें तो यह करीब 6 लाख भारतीय रुपये के बराबर है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान में Suzuki Wagon R की कीमत 20.84 लाख पाकिस्तानी रुपये है, जोकि भारतीय रुपये के हिसाब से करीब 8.47 लाख रुपये होती है। इसके अलावा पाकिस्तान-स्पेक Wagon R वास्तव में पिछले-जनरेशन की है।
वहीं दूसरी ओर भारतीय बाजार में नई-जनरेशन Wagon R तीन साल से ज्यादा समय से बिक्री पर है। इसके अलावा पाकिस्तान में बेची जाने वाली Suzuki Alto वास्तव में जापानी-स्पेक Kei कार पर आधारित है और इस कार में 658cc का इंजन इस्तेमाल किया जाता है, जो 39 बीएचपी की पावर प्रदान करता है
इसके अलावा Suzuki Swift की बात करें तो इस कार को पाकिस्तान में 27.74 लाख पाकिस्तानी रुपये की कीमत पर बेचा जा रहा है, जोकि भारतीय मुद्रा में लगभग 11.28 लाख रुपये होता है। इसके विपरीत, भारत में Maruti Alto की कीमत सिर्फ 3.39 लाख रुपये है, जबकि Wagon R और Swift की शुरुआती कीमत क्रमशः 5.47 लाख रुपये और 5.92 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें