उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मरीज को देर से देखने की बात पर इतना गुस्सा का गया कि उसने क्लीनिक के अंदर घुसकर डॉक्टर को चाकू से गोद डाला. आरोपी मरीज ने डॉक्टर पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, जिससे डॉक्टर गंभीर रूप से जख्मी हो गया. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. लहूलुहान डॉक्टर को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार, यह मामला ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना इलाके का है. यहां अजय शर्मा नाम का एक डॉक्टर अपना क्लीनिक चलाया है. शनिवार को एक युवक डॉक्टर के पास दिखाने के लिए आया था. क्लीनिक में भीड़ होने की वजह से डॉक्टर ने उसको बैठने के लिए कहा था, मगर मरीज को यह बात रास नहीं आई. देर से देखने की बात पर मरीज भड़क उठा और फिर उसने क्लीनिक के अंदर घुसकर डॉक्टर पर हमला बोल दिया.
बताया जाता है कि आरोपी मरीज ने डॉक्टर पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया. इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. डॉक्टर को दिखाने आए और वहां रहने वाले आसपास के लोग दहशत में आ गए. इस बीच पुलिस को मामले की सूचना दी गई. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायल डॉक्टर को दूसरे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया तो साथ ही आरोपी मरीज को भी हिरासत में ले लिया. दादरी के थाना प्रभारी ने बताया कि अभी इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. हालांकि पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें