मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां जायदाद के विवाद में एक व्यक्ति ने अपने सौतेले बड़े भाई और उसके परिवार को कथित तौर पर जिंदा जला दिया. इसके बाद आरोपी ने स्वयं भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. यह घटना बुधवार-बृहस्पतिवार की दरम्यानी रात अनूपपुर जिले के जैतहारी थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई. सूचना पर पहुंची पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.
जैतहारी पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक के के त्रिपाठी ने बताया कि जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर धनगवां गांव में 35 वर्षीय दीपक विश्वकर्मा का अपने सौतेले बड़े भाई ओमकार विश्वकर्मा (42) के साथ जमीन जायदाद को लेकर अक्सर विवाद होता था. उन्होंने बताया कि इस रंजीश के चलते दीपक ने रात ओमकार के परिवार पर सोते समय पेट्रोल डालकर आग लगा दी और उसके बाद स्वयं भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
उन्होंने बताया कि घटना में ओमकार विश्वकर्मा (42), उसकी पत्नी कस्तूरिया विश्वकर्मा (46) और ओमकार की पुत्री निधि (17) की मौत हो गयी. जबकि ओमकार का 18 वर्षीय पुत्र आशीष गंभीर रुप से घायल हो गया. उसे उपचार के लिये शहडोल भेजा गया है. त्रिपाठी ने बताया कि भाई के परिवार को आग के हवाले करने के बाद दीपक ने स्वयं भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही थाने से पुलिस बल ने तत्काल मौके पर पहुंच कर आग बुझाई. उन्होंने बताया कि एसीपी सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं. शवों का पंचनामा कर पुलिस विस्तृत जांच कर रही है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें