उत्तर प्रदेश का हाथरस जिला इन दिनों आपराधिक घटनाओं की वजह से सुर्खियों में बना हुआ है. एक बार फिर हाथरस जिले सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां छेड़खानी के आरोपी ने पीड़ित लड़की के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी है. पीड़ित लड़की का पिता खेत पर काम कर रहा था. इसी दौरान उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है. मामला हाथरस जिले के सासनी थाना इलाके के नौजपुर ग्राम का है. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस की मानें तो थाना सासनी क्षेत्र के नौजरपुर गांव के रहने वाले अमरीश पुत्र जगदीश शर्मा ने मुख्य अभियुक्त पर आज से ढ़ाई साल पहले छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था. इसके लिए मुख्य अभियुक्त एक महीने जेल भी गया था. हालांकि जेल से वह जमानत पर बाहर आ गया. उसके बाद से हालात धीरे धीरे सामान्य होते चले गए. गांव में शांति के साथ सब कुछ ठीक चल रहा था, मगर आरोपी और उसका परिवार अपने अंदर रंजिश को पाले हुए था.
पुलिस के अनुसार, बीते दिनों आरोपी की पत्नी और मौसी की मृतक की दो बेटियों से कहासुनी हो गई. इसके बाद आरोपी और मृतक में बहस हो गई और उसने परिवार के कुछ लड़कों को बुलाकर उन पर गोली चला दी. इस वारदात के वक्त वह अपने खेत पर काम कर रहा था. यहीं पर आरोपियों ने उसे गोलियों से भून दिया. व्यक्ति को खेत पर गोली मारकर आरोपी वहां से फरार हो गए. बाद में उस व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई.
इस मामले में पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक विनीत जैसवाल ने बताया कि थाना सासनी पुलिस द्वारा खेत पर काम कर रहे व्यक्ति की हत्या प्रकरण में त्वरित कार्यवाही करते हुए देर रात एक नामजद हत्यारोपी ललित शर्मा पुत्र सन्तोष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है. कार्रवाई की जा रही है और शेष अभियुक्तों की भी शीघ्र गिरफ्तारी कर ली जाएगी.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें