मुरादाबाद ।स्टेडियम के पास नगर के पॉश इलाके में सिद्धबली स्पोर्ट्स के मालिक कुशांक गुप्ता (30 वर्ष) की अज्ञात हत्यारों ने गोली मारकर हत्या कर दी ।मृतक उस समय दुकान बंद कर घर को जा रहे थे।
हत्यारे ने कुशांक गुप्ता के सिर में सटाकर गोली मारी। आनन फानन में कुशांक को विवेकानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
स्टेडियम के पास पॉश इलाके में हुए इस जघन्य हत्याकांड से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एसएसपी बबलू कुमार सहित तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाएड को भी मौके पर बुलाया गया। देर रात तक एसएसपी खुद घटनास्थल पर छानबीन में जुटे रहे।
मामले में जानकारी देते हुए एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में एक हमलवार दिखाई दे रहा है जो दुकान बंद करके बाहर निकल रहे कुशांक गुप्ता को गोली मार कर भाग गया। एसएसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की 3 टीमों को लगाया गया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अरन्या सिग्नेचर निवासी कुशांक गुप्ता की स्टेडियम के पास सिद्धबली स्पोर्ट्स के नाम से दुकान है। लगभग डेढ़ महीना पहले उनका अपने किराएदार से विवाद हुआ था।
एसएसपी ने बताया कि बिजनौर जिले के नूरपुर का रहने वाले एक युवक कुशांक गुप्ता की एक दुकान में रेस्टोरेंट चलाता था। कुशांक का दुकान खाली कराने को लेकर युवक से विवाद हुआ था। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है। एसएसपी ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है।
वहीं, इसके पहले कुशांक गुप्ता का एक भाजपा नेता के साथ भी विवाद हुआ था। जिसमें उन्होंने भाजपा नेता के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने की एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में भाजपा नेता के खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं होने पर कुशांक दुकान के बाहर धरना देकर बैठ गए थे।
सिविल लाइंस इलाके में सरेआम हुई हत्या से लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है। कुशांक को गोली लगने की सूचना मिलते ही उनके पिता अशोक गुप्ता, पत्नी ज्योति गुप्ता और मां नीति गुप्ता तुरंत अस्पताल पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने कुशांक को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। कुशांक की शादी लगभग डेढ़ साल पहले मुंबई निवासी ज्योति से हुई थी। अभी उनके कोई बच्चा नहीं है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें