यूं तो हमेशा सास-बहू का विवाद सुर्खियों में बना रहता है। लेकिन यूपी के बदायूं में देवरानी व जिठानी के बीच विवाद सामने आया है। जिसमें जिठानी ने देवरानी पर जेवर हड़पने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। जिठानी ने देवरानी पर एक साल पहले जेवर लेकर वापस न करने का आरोप लगाया है। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है।
उझानी थाना क्षेत्र के मुहल्ला गौतमपुरी निवासी यशोदा पत्नी अरुण कुमार ने बताया कि आठ जनवरी 2021 को उनकी जिठानी राजलक्ष्मी की तेरहवीं में उनकी देवरानी श्वेता सचान पति अनूप कुमार आईं थीं। वह मुरादाबाद के सेक्टर पांच थाना पाकबड़ा की रहने वाली है। श्वेता सचान ने उनसे कहा कि शेयर बाजार में उन्हें घाटा हो गया है। उन पर 10 लाख का कर्ज हो गया है। उन्हें मदद की जरूरत है।
श्वेता सचान ने यशोदा से दस लाख रुपये मांगे। इस पर यशोदा ने रुपये न होने की बात कहते हुए मना कर दिया। इस पर श्वेता सचान ने कहा कि वह अपने सोने के जेवर दे दें। वह एक वर्ष बाद उन्हें जेवर लौटा देंगी। साथ ही 50 हजार रुपये का अलग से ब्याज दे देंगी। इस पर उन्होंने अपने करीब ढाई लाख रुपये के जेवर देवरानी श्वेता सचान को मुहल्ले की महिलाओं के सामने दे दिए।
एक वर्ष बीतने के बाद जब उन्होंने अपने जेवर मांगे तो श्वेता ने टालने लगीं। कई बार बात करके जेवर मांगे गये, लेकिन अब तक जेवर नहीं लौटाए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर श्वेता सचान के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें