देश की राजधानी दिल्ली में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों द्वारा एक कार से बड़े ही अजीत तरीके से एक करोड़ रुपये के हीरे और दस लाख रुपये लूटने की वारदात सामने आई है।चौंकाने वाली बात यह है कि हीरों से भरा बैग लेने के बाद दोनों आरोपी पीडित दंपत्ति को फ्लाइंग किस देकर फरार हो गए।हालांकि, वारदात की सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने महज दो दिन की मेहनत में ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त (DCP) अतुल ठाकुर ने बताया कि बिल्डर रवि कपूर (49) ने अपनी पत्नी के साथ बेटी की शादी के लिए एक करोड़ रुपये के हीरे खरीदे थे।खरीददारी के बाद घर लौटते समय रानी झांसी रोड पर नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार के पीछे धुंआ निकलने का इशारा किया।रवि कपूर ने कार से उतरकर देखा तो कुछ नहीं मिला। इस पर वह फिर से कार में आकर सवार हो गए।
DCP ने बताया कि रवि के कार में सवार होने के बाद सीट बेल्ट बांधते समय दोनों आरोपियों ने उनकी पत्नी की सीट के बगल में रखे एक करोड़ के हीरे और 10 लाख रुपये भरा बैग पार कर लिया।उन्होंने दोनों आरोपियों को रुकने का इशारा किया तो वो उन्हें फ्लाइंग किस देते हुए फरार हो गए।वारदात के बाद रवि ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और संंबंधित थाने में मामला दर्ज करा दिया।
DCP ने बताया कि रवि की मामला दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। बदमाशों की पहचान के लिए इलाके के कई CCTV की जांच की और दोनों नकाबपोश बदमाशों की पहचान की।इसमें एक के लंबे बाल दिख रहे थे। पुलिस ने अपने मुखबिरों से आरोपियों के बारे में पूछताछ की तो उनके मदनगीर इलाके में होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
DCP ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संदीप और संतोष है। आरोपियों के पास से एक करोड़ रुपये के हीरे और दस लाख रुपये भी बरामद कर लिए गए हैं।उन्होंने बताया कि दोनों ने ठक-ठक गैंग बना रखी है। आरोपी किसी सिग्नल पर कार के बोनट या इंजन के पास आयल डाल देते हैं। इससे कार से धुआं उठता है और चालक नीचे उतरता है। चालक के उतरते ही आरोपी कार में रखा बैग लेकर फरार हो जाते हैं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें