झारखंड के गढ़वा जिले में एक व्यक्ति अजगर का शिकार होते-होते रह गया। करीब 4 घंटे तक अजगर ने व्यक्ति को अपने कब्जे में रखा। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से व्यक्ति को अजगर से बचाया गया। वहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को कब्जे में कर जंगल में छोड़ दिया।
4 घंटे तक व्यक्ति को अजगर ने जकड़ रखा
मामला जिले के चिनिया प्रखंड मुख्यालय स्थित ग्राम पंचायत खूरी गांव का है। यहां एक सुभाष भुईया नामक शख्स नदी में मछली मारने गया था। इस दौरान एक विशाल अजगर उसके पीछे पड़ गया। अजगर ने व्यक्ति को जकड़ कर निवाला बनाना चाहा, लेकिन व्यक्ति ने उसे ऐसा करने नहीं दिया। करीब 4 घंटे तक अजगर ने व्यक्ति को अपने कब्जे में रखा। बाद में ग्रामीणों की मदद से शख्स ने अजगर के कब्जे से खुद को छुड़ाया। वहीं, अजगर ने सुभाष के पैरों में कई जगहों पर काट लिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने अजगर की चुंगल से बचाया
इस मामले में ग्रामीणों ने बताया कि सुभाष भुईया शनिवार सुबह गांव के पास सिकरिया नदी में मछली मारने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान एक विशाल अजगर ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया है। अजगर ने उसे निगलने का काफी प्रयास किया। मगर शख्स ने हिम्मत कर अजगर के मुंह को पकड़े रखा, जिससे उसकी जान बच गई। बाद में ग्रामीणों के प्रयास से शख्स को अजगर से मुक्त कराया गया।
वन विभाग की टीम ने अजगर को जंगल में छोड़ा
इस मामले में चिनीया प्रभारी वनपाल अनिमेष कुमार ने बताया कि अजगर ने एक शख्स को कब्जे में ले लिया था। इसकी जानकारी मिली तो वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर अजगर को कब्जे में लेकर वन में छोड़ दिया।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें