अक्सर पति द्वारा पत्नी की प्रताड़ना की शिकायतें पुलिस के सामने आती रहती हैं। कहीं दहेज के लिए तो कहीं दूसरी शादी के लिए पत्नी को पीटने, घर से निकालने की बात होती है। लेकिन पटना में मामला कुछ उलटा है। यहां एक नवविवाहित युवक ने पत्नी से बचाने की गुहार लगाई है। थाने में आवेदन देकर कहा है, मुझे मेरी पत्नी से बचाओ। युवक इस कदर परेशान है कि उसने विनती की है कि पत्नी उसे छोड़ दे और दूसरी शादी कर ले। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पिछले महीने 14 जून को हुई थी शादी
मामला फतुहा थाना क्षेत्र का है। सुलतानपुर गांव के एक युवक ने गुरुवार को फतुहा थाने में इसकी शिकायत की है। जितेंद्र नामक युवक ने कहा है कि पिछले महीने 14 जून को ही उसकी शादी पूरे विधि-विधान से हुई थी। सीतामढ़ी जिले के रनौली गांव में वह दूल्हा बनकर गया था। बैकठपुर मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच उसने अपनी जीवन संगिनी को वरमाला पहनाया। लेकिन यह क्या। शादी के बाद से ही पत्नी के तेवर बदल गए। वह प्रताड़ित करने लगी। कभी गालियां देती तो भी जान से मारने की धमकी देती। उसके कारण जीना मुहाल हो गया। उसकी हरकतों से परेशान होकर शादी के 15 दिनों बाद उसे मायके पहुंचा दिया।
सास-ससुर ने फिर पहुंचा दिया ससुराल
लेकिन सास-ससुर उसे लेकर 14 जुलाई को पहुंच गए। कहा कि अब वह ठीक से रहेगी। लेकिन मेरी पत्नी अपनी पुरानी हरकतों से बाज नहीं आ रही। वह फिर से प्रताड़ित करने लगी है। जितेंद्र ने कहा है कि पत्नी के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान है। वह चाहता है कि पत्नी उसे छोड़ दे और दूसरी शादी कर ले ताकि इस जिल्लत भरे हालात से मुक्ति पा सके। आवेदन के आलोक में पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें