नशे की ओवरडोज से युवक की मौत, डेढ़ साल पहले की थी लव मैरिज

खबर शेयर करें -

 

जालंधर : देहात पुलिस के थाना आदमपुर के अधीन पड़ते गांव जंडू सिंघा में नशे की ओवरडोज से 30 साल के एक युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एस.एच.ओ. आदमपुर गुरिन्द्रजीत सिंह नागरा व जंडू सिंघा पुलिस चौकी के प्रभारी सुखदेव सिंह ने मृतक मनजिन्द्र सिंह मन्ना पुत्र त्रिलोचन सिंह निवासी मोगा पत्ती, जंडू सिंघा का शव अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

मृतक मन्ना की दोनों बाजुओं पर टैटू बने हुए थे। टैटू के आस-पास इंजकशनों के काफी ज्यादा निशान थे, जिससे साफ सपष्ट होता है कि मन्ना अकसर नशे के इंजैक्शनों का प्रयोग करता रहता था। पुलिस ने भी अपनी जांच में इस बात को माना है कि मन्ना काफी समय से चिट्टा पीने का आदी था और चिट्टा ही उसकी मौत का कारण बन गया।

चौकी प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि मृतक के पिता त्रिलोचन सिंह ने पुलिस को बयान दिए हैं कि उनके 3 बच्चे हैं, जिनमें 2 बेटे और 1 बेटी है। मन्ना सबसे बड़ा था और उसने करीब डेढ़ साल पहले जिला होशियारपुर के एक गांव की लड़की से लव मैरिज की थी। वह काफी ज्यादा नशा करने लग पड़ा था। उसे कई बार नशा न करने के लिए रोका गया लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। वह उनकी मर्जी के खिलाफ अपने ससुराल घर में भी काफी समय से रह रहा था और 2 दिन पहले ही शुक्रवार को गांव आया था।

त्रिलोचन सिंह ने बताया कि जब वह घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने डेरे पर बेसुध गिरा पड़ा था। उसने परिवार के बाकी सदस्यों को भी वहीं बुला लिया। सभी ने देखकर कहा कि ज्यादा नशा करने से मन्ना की मौत हो चुकी है। एस.एच.ओ. गुरिन्द्रजीत सिंह नागरा ने बताया कि पिता त्रिलोचन सिंह द्वारा अपने बेटे की मौत को लेकर कोई भी कानूनी कार्रवाई करवाने से इन्कार करने पर पुलिस ने धारा 174 की कार्रवाई करते हुए मृतक मन्ना का सिविल अस्पताल से पोस्टमार्टम करवा कर शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं मन्ना की पत्नी ने अपने पति की मौत को प्राकृतिक मौत बताया है।