ओनलाइन मीटिंग में क्या-क्या कांड नहीं होते? कभी किसी का फोन बज जाता है. तो कभी किसी के लैपटॉप पर गाना चल जाता है. लेकिन इससे भी बड़ा एक कांड ऑनलाइन मीटिंग के दौरान सामने आया है.
एक ऑनलाइन मीटिंग के दौरान जुड़े एक शख्स ने पॉर्न वीडियो चला दिया. जी हां एक शख्स ने ज़ूम पर चल रही ऑनलाइम मीटिंग में पॉर्न मूवी स्ट्रीम कर दी.
आज तक से जुड़े मुदित अग्रवाल की रिपोर्ट के मुताबिक मामला पतंजलि योगपीठ से जुड़े स्वास्थ्य अनुसंधान केंद्र में चल रही एक ऑनलाइन मीटिंग का है. मीटिंग में देश-विदेश के कई इलाकों से लोग जुड़े थे. इसी बीच महाराष्ट्र के पुणे से ऑनलाइन मीटिंग में जुड़े एक युवक ने पॉर्न मूवी चला दी. युवक ने ये जाने-अनजाने में किया या जानबूझकर ये बात साफ नहीं है. लेकिन साफ़-साफ़ पॉर्न मूवी स्ट्रीम हुई, ये तो साफ़ है.
फिर हुआ थाना-पुलिस. मामले को लेकर हरिद्वार के बहादराबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है. पतंजलि से जुड़े कमल भदौरिया और शिवम वालिया ने इस घटना को लेकर शिकायत की है. हरिद्वार पुलिस ने आईटी एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है. और इस मामले की जांच शुरू कर दी है. आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक एसएसपी अजय सिंह ने बताया,
“पतंजलि की ओर से एक केस दर्ज कराया गया है. इसमें बताया गया है कि पतंजलि योगपीठ से जुड़े तमाम लोगों की एक जूम मीटिंग हो रही थी. देश-विदेश के लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर जुड़कर कई महत्वपूर्ण बातों पर विचार-विमर्श कर रहे थे. मीटिंग में महिलाएं भी जुड़ी हुई थीं. इसी दौरान एक युवक ने अश्लील वीडियो चला दिया.”
पुलिस के मुताबिक इस मामले में पुणे के यरवडा स्थित एक कॉलेज कैंपस के पास रहने वाले आकाश नाम के युवक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. ये केस आईटी एक्ट के अंतर्गत दर्ज किया गया है. मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें