हिमालय प्रहरी

पत्नी का सांवला रंग देख पति ने कर दिया बड़ा कांड, सास ने भी दिया साथ

खबर शेयर करें -

राजस्थान के सीकर जिले के दादिया थाना इलाके में एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका सुमन पत्नी मनोज। आरोप है कि उसके सांवले रंग की वजह से उसके पति व सास उसे ताना मारते थे। उसे काली कहते हुए उसके साथ मारपीट भी करते थे। उन्होंने ही रविवार रात को मारपीट करते हुए उसके सिर पर मूसल से हमला कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में मृतका के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

ये है मामला 
दादिया पुलिस थाने में रानोली निवासी 55 वर्षीय भगवानाराम पुत्र नारायणराम ने रिपोर्ट दी है। जिसमें उसने बताया कि करीब 6 साल पहले उसकी छोटी बहन सुमन का खोरी ब्राहमणान निवासी मनोज कुमार पुत्र शंकरलाल से विवाह हुआ था।  जिसके बाद से उसका उसके ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे। आरोप लगाया कि उसका पति मनोज कुमार व सास सन्तोष देवी उसके साथ मारपीट करते थे। जिन्होंने रविवार रात को उसकी हत्या कर दी। भाई का कहना है कि उसकी बहन का रंग  सांवला होने की वजह से ससुराल वाले उसे प्रताडि़त करते थे। उसे काली कहते हुए आए दिन उसके साथ मारपीट करते थे। जिसके बारे में उसने कई बार पीहरवालों को भी बताया।

दो बच्चों की मां है मृतका, एक बेटी की भी हत्या का आरोप
पीहर पक्ष ने बताया कि मृतका सुमन के तीन बच्चे थे। जिनमें से ससुराल वालों ने करीब डेढ साल पहले एक बेटी की भी जलाकर हत्या कर दी थी। करीब 8-9 महीने की बच्ची को उन्होंने चाय के टोप में गिराकर मार दिया था। जिसे सबने हादसा समझा था। जिसके चलते पुलिस में भी रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई। उन्होंने बताया कि मृतका के अब एक करीब चार साल व एक चार महीने का बच्चा है।

पति को हिरासत में लेकर जांच शुरू
इधर, भाई के रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद पुलिस ने आरोपी पति मनोज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। दादिया थानाधिकारी विजेन्द्र सिंह ने बताया कि केस की जांच की जा रही है। मामले का खुलासा जल्द ही कर दिया जाएगा।

Exit mobile version