हिमालय प्रहरी

पत्नी मायके से आने को नहीं हुई तैयार तो पति ने ससुराल पहुंचकर लगा ली फांसी

खबर शेयर करें -

राजस्थान के धौलपुर में पत्नी को लेने सुसराल पहुंचे शख्स ने वहां झगड़ा होने के बाद फांसी के फंदे से झूलकर खुदकुशी कर ली। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मोरोली गांव का है जहां मुनेश नाम के युवक ने ससुराल में ही जान दे दी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवा दिया है। इस मामले में रविवार को मृतक के परिजनों ने ससुराल वालों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
इस घटना को लेकर मृतक के भाई विजयपाल सिंह और भरत सिंह ने बताया कि उसके छोटे भाई मुनेश की पत्नी बीते दो महीने से अपने मायके मोरोली गांव में रह रही थी। शनिवार को मुनेश पत्नी को लाने के लिए अपने ससुराल गया था।


मुनेश ने पत्नी को साथ चलने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया, इसके बाद मुनेश अपने बच्चे को साथ ले जाने लगा लेकिन मुनेश की पत्नी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों तरफ से हुई मारपीट के बाद पत्नी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराने की धमकी देने लगी। इसके बाद मुनेश ने ससुराल में ही फांसी लगा ली, गंभीर हालत होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत हो जाने से परिजनों में हाहाकार मच गया। वहीं इस मामले के जांच अधिकारी भागीरथ सिंह ने बताया कि मृतक के परिवार ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके बेटे की फांसी लगा कर हत्या कर दी गई। इस मामले में जांच की जा रही है और उसी के मुताबिक कार्रवाई होगी।

Exit mobile version