हिमालय प्रहरी

पुलिस चौकी में झाड़ू लगाया करो, कहते हुए भिड़े सिपाही और दारोगा, वीडियो वायरल

खबर शेयर करें -

मुरादाबाद : पुलिस चौकी में झाडू लगाने को लेकर सिपाही और दारोगा भिड़ गए। दारोगा का आरोप है कि सिपाही ने उसे जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया है। उन्होंने इसकी शिकायत आला अधिकारियों से कर कार्रवाई की मांग की है।

इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल

यह प्रकरण इंटरनेट मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने मामले का संज्ञान लेकर इसकी जांच सीओ सिविल लाइंस को सौंपी है। लेकिन, अभी तक किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। मामला मुरादाबाद की अगवानपुर पुलिस चौकी का है।

दारोगा ने बताई अपनी कहानी

अगवानपुर चौकी पर तैनात दारोगा प्रेमपाल सिंह ने बताया कि रविवार की सुबह को वह सोए हुए थे। इसी दौरान चौकी पर तैनात सिपाही उसके पास आया। कहने लगा कि चौकी में झाडू लगाया करो। नहीं लगानी है तो सफाई कर्मचारी के लिए एक हजार रुपये देने होंगे। दारोगा ने सिपाही की बात का विरोध किया।

सिपाही ने दारोगा को किया अपमानित

आरोप है कि इससे सिपाही भड़क गया। उसने दारोगा को जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपमानित किया। दारोगा ने इसकी शिकायत पहले चौकी प्रभारी मृदुल कुमार से की और फिर सिविल लाइंस इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह को जानकारी दी। दारोगा ने कहा कि इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वह एसएसपी के सामने पेश होकर अपनी बात रखेंगे।

वीडियो वायरल होने पर एसएसपी ने लिया संज्ञान

आरोपित सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। इसी दौरान पता लगने पर एक यू-ट्यूबर ने दारोगा की फोटो लगाकर उसकी मदद की मांग करते हुए मैसेज इंटरनेट मीडिया पर शेयर कर दिया। मामला इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल होने पर एसएसपी ने इसका संज्ञान लिया।

एसएसपी ने दिए जांच के आदेश

उन्होंने इस प्रकरण की जांच सीओ सिविल लाइंस को करने के आदेश दे दिए। लेकिन, अभी तक जांच पूरी नहीं हो सकी है। प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह का कहना है कि सफाई कर्मचारी के रुपये देने को लेकर सिपाही और दारोगा में मामूली विवाद हो गया था। कोई बड़ी बात नहीं थी। दोनों में समझाैता हो गया है।

Exit mobile version