हिमालय प्रहरी

फेरे लिए सात फिर भी दूल्‍हे राजा खाली हाथ, शादी के बाद लड़की वालों ने दुल्‍हन विदा करने से किया इन्‍कार

खबर शेयर करें -

आजमगढ़ में शादी करने के बाद वधू पक्ष ने दुल्हन भेजने से इन्कार कर दिया। दो लाख नकदी व जेवर भी छीनने का भी आरोप लगाया। मंगलवार शाम को पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने दूसरे जिले का मामला होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया। पीड़‍ित ने मामले की शिकायत मुख्‍यमंत्री पोर्टल पर भी की है। वहीं पीड़‍ित का कहना है कि इस मामले की शिकायत उसने आजमगढ़ पुलिस से भी की थी लेकिन, वहां की पुलिस ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर भगा दिया था।

मीरानपुर कटरा क्षेत्र के रसेवन गांव निवासी ननकू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बरेली के थाना फतेहगंज पूर्वी निवासी केशव पाल मौर्य की शादी मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के ही भनपुरा गांव निवासी एक व्यक्ति के जरिये आजमगढ़ जिले के देवगांव क्षेत्र के चिंगहिट गांव निवासी युवती से तय कराई थी। 27 मार्च को केशव की बरात आजमगढ़ गई थी। फेरे होने के बाद लड़की पक्ष ने दुल्हन भेजने से इन्कार कर दिया। ननकू ने आरोप लगाया कि दो लाख रुपये व जेवर भी उन लोगों ने छीन लिए।

आजमगढ़ पुलिस को जब तहरीर दी तो वहां की पुलिस ने फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देकर भगा दिया। जिस वजह से बिना दुल्हन के ही बरात वापस आ गई। जिसके बाद मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल व मीरानपुर कटरा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सोलंकी ने बताया कि मामला दूसरे जिले का है। ऐसे में कार्रवाई भी वहीं होगी।

 

Exit mobile version