हिमालय प्रहरी

माहवारी की शुरुआत होने पर बच्चियों को दे ज्यादा पोषण

खबर शेयर करें -

आमतौर पर मासिक धर्म के शुरुआत में लड़कियों को माहवारी के दौरान कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ता है जैसे ज्यादा मात्रा में रक्तस्राव,उल्टी व चक्कर आना,पेट या सिर में तेज दर्द आदि।इस दौरान ज्यादातर लड़कियों में माहवारी को लेकर डर तथा चिंता जैसी मानसिक अवस्थाएं भी देखने में आती है। ऐसे में उनके खानपान को लेकर यदि थोड़ा ध्यान दिया जाय तो समस्यायों को कुछ हद तक कम किया जा सकता है। माहवारी की शुरुआत होने पर कैसा हो बच्चियों का भोजन।

आयुर्वेद में आहार को आमतौर पर तीन तरह से बांटा जाता है-राजसिक, सात्विक व तामसिक आहार। जब लड़कियों में माहवारी की शुरुआत होती है तो उनके शरीर में काफी बदलाव होते हैं, वहीं उनके शरीर के विभिन्न तंत्रों पर भी असर पड़ता है। ऐसे में यदि उन्हे हल्का-फुल्का सात्विक आहार दिया जाय तो न सिर्फ उनका पाचन बल्कि उनका शारीरिक, मानसिक व भावनात्मक स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। उम्र में बच्चों को वैसे भी पोषण की जरूरत ज्यादा होती है, वहीं चूंकि लड़कियों के शरीर को अपेक्षाकृत ज्यादा शारीरिक परिवर्तनों से गुजरना पड़ता है , इसलिए उनके भोजन में पौष्टिक तत्वों जैसे प्रोटीन, आयरन, विटामिन, तथा मिनरल की मात्राभी अपेक्षाकृत ज्यादा होनी चाहिए। जैसे हरी पत्तेदार सब्जियों, दालें तथा साबुत अनाज । इनमें कई तरह के विटामिन व मिनरल्स तो होते ही हैं,साथ ही इसमें फोलिक एसिड भी होता है, जो माहवारी के दौरान बच्चियों के लिए बेहद आवश्यक माना जाता है।

आमतौर पर बच्चियों और महिलाओं में आयरन की कमी होती ही है, इसलिए उनके भोजन में आयरन भरपूर मात्रा में होना चाहिए। शरीर में आयरन की पूर्ति के लिए अनार का जूस, गाजर व चुकंदर आदि भी दिया जा सकता है। यदि बच्ची का शरीर स्वस्थ होगा तो उसे माहवारी की शुरुआत के समय होने वाली समस्याओं का कम सामना करना पड़ेगा। साथ ही माहवारी के दौरान रक्तस्राव नियंत्रित रहेगा और अन्य समस्याओं से भी बचा जा सकेगा।

Exit mobile version