लखनऊ: यूपी एसटीएफ की लखनऊ टीम ने बुधवार देर रात मुख्तार अंसारी के शार्प शूटर अलीशेर उर्फ डॉक्टर समेत उसके सहयोगी कामरान को मुठभेड़ में ढेर कर दिया. यूपी एसटीएफ की टीम ने जब एक लाख के इनामी अलीशेर को घैला की तरफ जाने से रोकने का प्रयास किया तभी उसने फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की. जवाबी फायरिंग के दौरान दोनों बदमाश घायल हो गए. एसटीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया. जहां पर दोनों बदमाशों को मृत घोषित कर दिया गया. एसटीएफ टीम ने बदमाशों के पास से एक कार्बाइन, दो पिस्टल व एक तमंचा समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं. बता दें. मुठभेड़ मड़ियांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई.
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों की तरफ से एसटीएफ पर फायरिंग की गई. इसके बाद एसटीएफ की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई. घटना की जानकारी होने पर एसटीएफ के कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है. झारखंड में वरिष्ठ बीजेपी नेता जीतराम मुंडा की हत्या के बाद दोनों बदमाश फरार चल रहे थे. बताया जाता है कि अलीशेर नामक बदमाश मुख्तार अंसारी का शार्प शूटर था, जिसके ऊपर एक लाख का इनाम था.
मुख्तार अंसारी का शार्प शूटर अलीशेर उर्फ डॉक्टर पिछले कई सालों से पूर्वांचल में अपराध का पर्याय बना हुआ था. यह शातिर बदमाश जो देश के विभिन्न राज्यों में घूम-घूम कर हत्या की वारदातों को अंजाम दिया करता था. इस शातिर बदमाश ने अभी हाल ही के दिनों में झारखंड के रांची जिले के थाना पालु क्षेत्र में बीजेपी नेता जीतराम मुंडा की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था. इतना ही नहीं इसने आजमगढ़ के एक बसपा नेता की भी हत्या की थी, जिसमें यह वांछित चल रहा था.
अलीशेर के साथ उसका साथी कामरान उर्फ बन्नू जो हमेशा इसके साथ घटना की वारदात को अंजाम देने के लिए रेकी का काम करता था मूल रूप से आजमगढ़ के थाना क्षेत्र गंभीरपुर का रहने वाला था. बदमाश लखनऊ में किसी बड़े व्यापारी नेता की हत्या करने के इरादे से आए थे. इनकी मड़ियांव की घैला चौकी से फैजुल्लागंज रोड पर घेराबंदी की गई, लेकिन बदमाशों ने रुकने के बजाए एसटीएफ टीम पर फायर झोंक दिया था. इस दौरान जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों की मौत हो गई.
एसटीएफ एसपी विशाल विक्रम सिंह ने बताया कि मुख्तार अंसारी गैंग का शार्प शूटर अलीशेर लखनऊ में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए आया हुआ था. इसके साथ ही इसका सहयोगी कामरान जो वारदातों को अंजाम देने से पहले रेकी करता था वह भी मौजूद था. एसटीएफ को जानकारी मिली कि दोनों घैला की ओर जा रहे हैं. इसी बीच एसटीएफ टीम ने उनको ट्रेसकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने एसटीएफ टीम पर फायर झोंक दिया.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें