हिमालय प्रहरी

रात में मोबाइल क्यों चला रहे.डांट सुनकर मां पर भड़का बेटा, फिर दोनों ने खा लिया जहर; महिला की मौत

खबर शेयर करें -

कानपुर में सनसनीखेज घटना सामने आई है. रात में मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे बेटे को जब मां ने टोका तो वह भड़क गया. बेटे ने मां को खूब खरी-खोटी सुनाई. इस पर मां रोते हुए कमरे में गई और जहर खा लिया.

इसके बाद बेटे ने भी जहर खा लिया. दोनों को पिता ने कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल में एडमिट कराया, जहां पर मां की मौत हो गई. बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है.

घटना कानपुर के बाबूपुरवा की है. मृतक महिला का नाम किरन है और बेटे का नाम हर्ष है. पिता गोपाल उर्फ दारा सिंह ने बताया कि वह एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते हैं. उनके परिवार में 50 वर्षीय पत्नी किरन सिंह दो बेटे हर्ष, पीयूष और दो बेटियां सलोनी व खुशी हैं. बेटे हर्ष ने अभी इंटर पास किया था. रविवार रात को करीब एक बजे बेटा हर्ष मोबाइल चला रहा था, तभी पत्नी की नजर उसके ऊपर पड़ी और उसे डांट लगाते हुए पढ़ाई करने के लिए बोला था.

मां पर ही भड़क गया था बेटा

मां की डांट सुनकर बेटा मां से बहस करने लगा. वह समझाती रही, लेकिन हर्ष मां को ही अपशब्द बोलता रहा. इस हरकत से दुखी मां अपने कमरे में गई और वहां जाकर जहर खा लिया. घरवाले मां को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तब तक बेटे ने भी गुस्से में वही जहरीला पदार्थ खा लिया. इसके बाद उसकी भी हालत बिगड़ गई.

अस्पताल में महिला की मौत

घरवाले तत्काल दोनों को एक प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मां को डेड डिक्लेयर कर दिया. वहीं बेटे का इलाज अभी चल रहा है. इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है. पिता की आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया है. मोहल्ले के लोग कहते दिखाई दिए कि बेटे की वजह से एक मां ने सुसाइड कर लिया.

Exit mobile version