हैदराबाद पुलिस की टास्क फोर्स टीम ने बंजारा हिल्स के एक पांच सितारा होटल के एक पब में रविवार तड़के एक रेव पार्टी का भंडाफोड़ किया. इसमें वीआईपी, अभिनेताओं और राजनेताओं के बच्चों सहित करीब 142 लोगों को हिरासत में लिया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनमें कोकीन और चरस जैसे प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किए गए हैं. हिरासत में लिए गए लोगों में अभिनेता नागा बाबू की बेटी निहारिका कोनिडेला भी शामिल हैं, जो मेगास्टार चिरंजीवी की भतीजी हैं. नागा बाबू ने बाद में एक वीडियो जारी कर कहा, कि उनकी बेटी का ड्रग्स से कोई संबंध नहीं है.

गायक और बिग बॉस तेलुगु रियलिटी शो के तीसरे सीजन के विजेता राहुल सिप्लीगंज भी हिरासत में लिए गए लोगों में शामिल है. उन्होंने 12 फरवरी को जब हैदराबाद पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ अभियान शुरू किया था, तब उन्होंने थीम सॉन्ग गाया था.
बंजारा हिल्स के स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) शिव चंद्रा को हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर सीवी आनंद ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया. उनकी जगह टास्क फोर्स के के. नागेश्वर राव को जिम्मेदारी दी गई है.
रेडिसन ब्लू होटल में यह छापेमारी ऐसे समय में हुई है, जब पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ अपना अभियान तेज कर रखा है. इसके अलावा हैदराबाद नारकोटिक्स इंफोर्समेंट विंग का गठन किया गया है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें