
घटना में एक युवक ने अपनी बहन की शादी से नाराज होकर जीजा का हंसिए से सिर काट डाला और कटा सिर लेकर थाने में आत्मसमर्पण करने पहुंच गया. पति के खौफनाक कत्ल की खबर पाकिर बहन ने भी घर में फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है. हालांकि पूछताछ में यह भी सामने आ रहा है कि युवक बहन को सब्जबाग दिखा कर शादी किए जाने और फिर उसको प्रताड़ित किए जाने से नाराज था. उसने पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि बहन को परेशान देख उसने फैसला कर लिया था कि या तो वह रहेगा या उसका जीजा.
हत्यारोपी ने सुनाई बाद में दूसरी कहानी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हत्यारोपी धीरज ने पुलिस को बताया कि उसका जीजा उसकी बहन को परेशान करता था. धीरज ने 40 साल के विजेत को धारदार हंसिये से काटा. उसने करीब 500 मीटर दौड़कर उस पर हमला किया. धीरज ने पुलिस को बताया कि जैसे ही विजेत खेत की मेड़ पर गिरा, उसने उस पर 15 से 16 वार किए और सिर अलग होने के बाद ही रुका. धीरज ने कहा- मैं ठान चुका था कि आज वह नहीं या मैं नहीं. बता दें कि 40 साल के विजेत अपने से 21 साल छोटी पूजा से शादी की थी. तिलवारा पुलिस ने आरोपी धीरज की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हंसियानुमा धारदार हथियार और उसके कपड़े आदि जब्त कर लिए हैं.
पति के कत्ल की खबर पाकर बहन ने भी लगाई फांसी
इधर इस खबर के मिलने के बाद धीरज की बहन ने भी घर पर कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने अपनी बहन की भी हत्या की या उसे आत्महत्या के लिये उकसाया था. पुलिस मामला दर्ज कर विस्तृत जांच कर रही है. आरोपी धीरज शुक्ला ने बताया कि उसकी बहन पूजा को विजेत ने सब्जबाग दिखाए और शादी कर ली. विजेत उसके साथ मार-पीट भी करने लगा था. रविवार को उसकी बहन उसे छोड़कर मायके आई थी. इसके बावजूद भी विजेत दो दिन से घर के आस-पास ही घूम रहा था.
तीन महीने पहले बहन ने की थी शादी
तिलवारा पुलिस थाने के निरीक्षक सतीश पटेल ने बताया कि मिंटू शिवराम शुक्ला उर्फ धीरज तिलवारा थाने में एक बोरी लेकर आया. उन्होंने बताया कि बोरी में विजेत कश्यप का कटा हुआ सिर था. पटेल ने आरोपी के हवाले से बताया कि तीन माह पहले कश्यप उसकी बहन के साथ भाग गया था और दोनों ने शादी कर ली थी. उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी की सूचना पर मृतक का बिना सिर का शव रामनगर इलाके के एक खेत से बरामद किया है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना की जानकारी मिलने पर आरोपी की बहन ने भी घर में फांसी लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें