हिमालय प्रहरी

लापता पत्नी की तलाश में दिन-रात भटक रहा था पति, जब मिली तो सामने आई हैरान कर देने वाली हकीकत

खबर शेयर करें -

आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र से लापता हुई चार बच्चों की मां की हकीकत जब सामने आई, तो पुलिस भी हैरान रह गई।

जिस पत्नी की तलाश में पति ने दिन रात एक कर दिए थे, वो दूसरे युवक के प्यार में इस कदर पागल हो चुकी है कि चार बच्चों का भी साथ छोड़ना चाहती है। मामला जब थाने पहुंचा तो महिला प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई।


जन्माष्टमी से दो दिन पूर्व ससुराल जाने के लिए निकली थी मायके से
थाना मलपुरा के एक गांव की महिला रक्षाबंधन पर अपने मायके गई थी। जन्माष्टमी से दो दिन पूर्व भाई ने उसे दो बच्चों के साथ ऑटो से ससुराल भेज दिया, लेकिन महिला व बच्चे घर नहीं पहुंचे। पत्नी व बच्चों के घर न आने पर पति परेशान हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो उसने थाना अछनेरा में गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस ने महिला की तलाश शुरू कर दी थी। इस बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महिला व उसके दो बच्चों के अछनेरा झुण्डवाई मार्ग से पकड़ लिया। वह कहीं जाने की फिराक में थी। पुलिस उसे थाने ले आई, जिसके बाद मायका और ससुराल पक्ष के लोगों को सूचना दे दी गई।

पत्नी व बच्चों के मिलने की खबर मिलते ही पति थाने पहुंच गया, लेकिन वह उस समय टूट गया, जब पत्नी ने उसके साथ जाने से इंकार कर दिया। पुलिस ने बताया कि महिला प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी के साथ चली गई थी।

थाने में पहुंची महिला की 14 वर्षीय पुत्री और पति ने हाथ जोड़कर घर वापस चलने के लिए कहा, लेकिन वह किसी की बात सुनने के लिए तैयार नहीं थी। यही नहीं बड़ी बेटी के आंसू भी उसका दिल नहीं पिघला सके।

महिला ने खुले शब्दों में कह दिया कि वह प्रेमी मथुरा निवासी अर्जुन के साथ ही रहना चाहती है। पुलिस ने भी उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। इसके बाद पुलिस ने महिला को प्रेमी के पिता की सुपुर्दगी में दिया है।

Exit mobile version