मोतिहारी: शहर के एक मुहल्ले में आई बरात चर्चा का विषय बनी हुई है। दो दिन पहले आपसी स्तर पर समझौते के बाद मामला भी पैचअप हो गया है, लेकिन लोग दबी जुबान से युवा वर्ग की इन गतिविधियों पर आज भी चर्चा कर रहे हैं। बताया जाता है कि पश्चिम चम्पारण जिले के योगापट्टी निवासी एक लड़के की करीब छह महीने पहले शादी तय हुई थी। इसके लिए पूरी प्रक्रिया अपनाई गई। लड़की पक्ष से खूब दहेज दिया गया। सबकुछ तय होने के बाद सगाई की रस्म की गई थी। कहा गया कि ये सभी आयोजन काली बाग मंदिर में हुए थे। इस दौरान सभी रिश्तेदार भी मौजूद थे। हंसी और खुशी के माहौल में सभी आयोजन संपन्न हुए थे। इसके बाद 10 जून को शादी की तिथि तय की गई थी।
भागना चाह रहा था दूल्हा
तय कार्यक्रम के अनुसार पिछले दिनों 10 जून को बारात भी सजी। बैंड बाजा के साथ बरात लड़की के दरवाजे पर आई। सब नाचने-गाने में मगन थे। आरंभिक नाश्ता-पानी के बाद बरात दरवाजे लगी। इसके बाद जयमाला का आयोजन किया गया। दूल्हा व दुल्हन का वरमाला भी हुआ, लेकिन वर माला के बाद दूल्हे ने अचानक शादी से इंकार कर दिया। इतना ही नहीं वह वहां से भागने की कोशिश करने लगा। इसे देखते हुए लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हा पक्ष के सभी लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद समझाने का दौर शुरू किया गया। इज़्ज़त का हवाला दिया गया, लेकिन वह किसी की भी नहीं सुन रहा था। इस तरह की स्थिति देख दुल्हन रोने लगी। इसके बाद लड़की पक्ष की ओर से यह प्रस्ताव दिया गया कि शादी में अभी तक आए सभी खर्च की वापसी के बाद ही बंधक बने लोग मुक्त होंगे। पंचायती के माध्यम से मामले को सुलझा लिया गया। पुलिस को इसमें हस्तक्षेप की जरूरत नहीं पड़ी।
किसी महिला के साथ प्रेम प्रसंग
मामला भले ही सुलझ गया हो , लेकिन लोग इसकी चर्चा करने से चूक नहीं रहे हैं। लोग दबी जुबान कह रहे हैं कि दूल्हे का किसी महिला के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। वह किसी तरह शादी के लिए तो राजी हो गया, लेकिन अपने दिल को नहीं समझा पाया। इसलिए उसने जयमाला के बाद शादी से इंकार कर दिया। लोगों को उसके इस तरीके से एेतराज है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें