रांची। आज यानी कि 8 मार्च को दुनिया भर में महिला दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में झारखंड विधानसभा में कार्यवाही में शामिल होने के लिए कांग्रेस विधायक अम्बा प्रसाद घोड़े की सवारी कर सदन में पहुंचीं। घोड़े पर महिला विधायक को आता देख हर किसी की नजरें थम गईं। वहीं मीडिया ने भी उनको घेर लिया।
इस दौरान महिला विधायक अम्बा प्रसाद ने कहा कि हर महिला में दुर्गा, झांसी की रानी होती है, उसे हर चुनौती का डटकर सामना करना चाहिए। माता-पिता को अपनी बेटियों को शिक्षित करना चाहिए क्योंकि महिलाएं हर क्षेत्र में अच्छा कर रही हैं।
अम्बा प्रसाद झारखंड में बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं। अम्बा प्रसाद 29 वर्ष की उम्र में ही विधायक बन गईं। वह मौजूदा झारखंड विधानसभा की सबसे युवा विधायक हैं।
बड़कागांव विधानसभा से अम्बा प्रसाद के पिता योगेंद्र साहू साल 2009 में और उनकी मां निर्मला देवी साल 2014 के विधानसभा चुनाव जीतकर सदन में पहुंची थीं।
साल 2009 में अम्बा प्रसाद के पिता झारखंड में मंत्री भी बने थे। लेकिन उनपर माओवादियों के साथ सांठ-गांठ का आरोप लगा और वो अभी जेल में बंद हैं। पिता के जेल जाने के बाद साल 2014 के विधानसभा चुनाव में अम्बा प्रसाद की मां निर्मला देवी चुनाव लड़ीं और जीत हासिल की।
फिर साल 2016 में बड़कागांव गोलीकांड के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि गांव वालों ने जबरन निर्मला देवी को पुलिस की कस्टडी से छुड़ा लिया। फिर जब मामले की सुनवाई शुरू हुई तो निर्मला देवी को तड़ीपार कर दिया गया।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें