देहरादून: चार सितंबर को कांग्रेस की खटीमा से शुरू होने वाली परिवर्तन यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने नेता विशेष को लक्ष कर हमले का अंदेशा जताते हुए इंटरनेट मीडिया में पोस्ट किया है। हालांकि उन्होंने यात्रा के स्थान का उल्लेख नही किया है। गुरुवार की रात इंटरनेट मीडिया पर डाले गए इस पोस्ट ने हलचल मचा दी है।
बता दे कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत ने गुरुवार की रात को इंटरनेट मीडिया पर एक पोस्ट डाली है। जिसमे उन्होंने दो-दो सूत्रों के हवाले से मिली सूचना को साझा करते हुए चिंता व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में स्वस्थ, वैचारिक, कर्म की प्रतिद्वंद्विता होनी चाहिए। यदि अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के ऊपर छात्रों को उकसा कर या कुछ व्यक्तियों को प्रेरित कर कांग्रेस नेताओं की यात्रा में किसी एक व्यक्ति को चिन्हित कर स्याही में तेजाब मिलाकर फेंका जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता है तो उस राजनीतिक दल का भी सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। यह उत्तराखंड की राजनीति के लिए कलंकपूर्ण अध्याय होगा।
श्री रावत ने कहा है कि यह सूचना मिलते ही उन्होंने पुलिस व प्रशासनिक एजेंसी के साथ राजनीतिक दल के साथ इस सूचना को साझा करना उचित समझा।
मां पूर्णागिरी से उन्होंने प्रार्थना की कि यह सूचना सिर्फ आशंका मात्र हो। ऐसा कोई प्रयास होता है तो यह उत्तराखंड की राजनीति का बड़ा ही दुखद अध्याय होगा। बड़ा ही निंदनीय प्रयास होगा। उन्होंने अपनी पोस्ट को राज्य की पुलिस, भाजपा, आम आदमी पार्टी के साथ ही राहुल गांधी, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह को भी टैग किया है। इधर पूर्व मुख्यमंत्री के इस पोस्ट से सुबह में हलचल मची हुई है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें