हल्द्वानी CPU ने पर्यटकों की आड़ में लाया गया बिना जीएसटी का माल पकड़ा, सेल टैक्स विभाग भी हरकत में

हल्द्वानीः दिल्ली से नैनीताल पर्यटकों को घुमाने की आड़ में जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है. दरअसल दिल्ली की प्राइवेट बसों में पर्यटकों के साथ ही दिल्ली से हौजरी और इलेक्ट्रॉनिक सामान बिना टैक्स चुकाए नैनीताल लाया जा रहा है.
सेल टैक्स विभाग और सीपीयू पुलिस ने शुक्रवार को तीन बसों से 54 नग हौजरी और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है. सेल टैक्स विभाग की जांच में सामने आया है कि माल बिना टैक्स चुकाए बस के सीट के नीचे और डिग्गी में रखकर लाया गया था.
हल्द्वानी सीपीयू पुलिस के मुताबिक दिल्ली से नैनीताल घूमने आने वाले पर्यटकों को प्राइवेट बसों में लाया जाता है. इन बसों में ही दिल्ली से हौजरी और इलेक्ट्रॉनिक सामान बिना टैक्स चुकाए लाया जा रहा है.
सेल टैक्स के असिस्टेंट कमिश्नर मोहम्मद कासिम के मुताबिक जांच में पता चला है कि कुछ सामान के बिल हैं जबकि करीब 6 लाख का माल बिना जीएसटी जमा करे लाया गया है. वहीं, सेल टैक्स विभाग ने तीनों बस मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ढाई लाख रुपए जुर्माना लगाया है.
असिस्टेंट कमिश्नर कासिम खान ने बताया कि पकड़ा गया माल हल्द्वानी, नैनीताल और बागेश्वर के व्यापारियों है. जुर्माने की कार्रवाई के बाद माल को मालस्वामी को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें

