हिमालय प्रहरी

10 साल के बच्चे ने 30 सेकंड में बैंक से उड़ाए 10 लाख रुपये

खबर शेयर करें -

मध्य प्रदेश के नीमच जिले के जावद इलाके में एक 10 साल के बालक द्वारा सहकारी बैंक से 10 लाख रुपये चुराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।चौंकाने वाली बात यह है कि बालक ने चोरी की वारदात को सबसे व्यस्त समय में अंजाम दिया और इसके लिए उसे महज 30 सेकंड का समय लगा।इसकी भनक बैंक स्टॉफ और ग्राहकों को भी नहीं लगी। इस मामले का खुलासा CCTV फुटेज में बालक के दिखने पर हुआ है।

एक बच्चा सुबह 11 बजे सहकारी बैंक में दाखिल होता है और मौका पाकर एक कैशियर के कमरे में प्रवेश कर लेता है।वह काउंटर के सामने खड़े ग्राहकों को भी नहीं दिखाई देता है। उस बालक के छिपने के लिए वह काउंटर डेस्क ही पर्याप्त थी।इसके बाद वह महज 30 सेकंड में ही तेजी से नोटों की गड्डी को एक थैले में गिरा देता है और कैशियर रूम से बाहर निकल आता है।

बच्चा जैसे ही चोरी करके बैंक से बाहर निकलने के लिए दौड़ता है तो बैंक का अलार्म बज उठता है। बैंक का गार्ड उसके पीछे दौड़ता है, लेकिन वह फरार हो जाता है।जानकारी के अनुसार लगभग 20 साल का कोई युवक बच्चे को निर्देश दे रहा था। यह युवक 30 मिनट तक बैंक में ही मौजूद था।कैशियर को कमरे से बाहर निकलता देख उसने बालक को वहां जाने का इशारा किया और बाद में दोनों फरार हो गए।

जावद पुलिस थानाप्रभारी ओपी मिश्रा ने बताया कि CCTV फुटेज के अनुसार वारदात के बाद आदमी और बालक अलग-अलग दिशाओं में भाग रहे थे।मिश्रा ने कहा कि कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इलाके में सड़क किनारे स्टॉल लगाने वाले कुछ लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। निजी सुरक्षा गार्ड से भी पूछताछ की जा रही है।पुलिस का मानना ​​है किसी गिरोह ने बैंक की रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम दिया है।

Exit mobile version