20 करोड़ की स्मैक के साथ ग्राम प्रधान गिरफ्तार, 1 किलो अफीम से बनाते थे 30-35 ग्राम स्मैक

खबर शेयर करें -

बरेली में पुलिस ने बडेला गांव के प्रधान के घर से 20 किग्रा स्मैक बरामद की है। पुलिस ने इसकी कीमत 20 करोड़ रुपए आंकी है। पुलिस ने स्मैक के साथ प्रधान शहीद खान उर्फ छोटे और उसके साथी राजू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक कार भी बारमद हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर एनडीपीएस में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस गिरोह में और कौन लोग शामिल है, इसके अलावा ये इतनी भारी मात्रा में कहां से स्मैक मंगाते थे।

दरअसल पुलिस को फतेहगंज पश्चिमी पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव बड़ेला में स्मैक तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस ने प्रधान के घर दबिश दी और 20 किलो स्मैक बरामद की। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली और पंजाब में जाकर इसे बेचा करते थे।

पुलिस ने बताया कि यह लोग झारखंड और मणिपुर से अफीम लाया करते थे, उसके बाद उसमें कैमिकल मिलाकर उसे स्मैक बनाते थे। इस तरह ये लोग 1 किलो अफीम से लगभग 30-35 ग्राम स्मैक बनाते थे। पुलिस ने बताया कि ये लोग काफी दिनों से स्मैक तैयार कर रहे थे।

पुलिस ने कहा कि अब इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि यह काम एक या दो लोग नहीं कर सकते, इसमें कई लोगों का हाथ हो सकता है।