हिमालय प्रहरी

25 लाख कैश, 3 किलो सोना और स्टाफ को लगाई हथकड़ी, नकली ED अधिकारी बनकर व्यापारी से लूट ली करोड़ों की संपत्ति

खबर शेयर करें -

अभिनेता अक्षय कुमार की फिल्म स्पेशल 26 तो याद होगी…फर्जी सीबीआई अफसरों की एक टीम, जो असली दिखने वाली रेड मारते थे और व्यापारियों को लूट कर फरार हो जाते थे. ऐसी ही एक घटना मुंबई के झावेरी बाजार इलाके में देखने को मिली.

यहां फर्जी ED अधिकारियों ने एक व्यापारी के ऑफिस में रेड मार दी और करोड़ों की लूटपाट करने के बाद फरार हो गए.

जानकारी के मुताबिक चार अज्ञात लोग व्यापारी के कार्यालय में पहुंचे और खुद को ED का अधिकारी बताया. इसके बाद उन्होंने वहां एक कर्मचारी को हथकड़ी लग दी. यह देखकर व्यापारी के ऑफिस में मौजूद सभी लोग डर गए. इसके बाद आरोपी कार्यालय में रखा 25 लाख रुपये कैश और 3 किलो सोना लेकर फरार हो गए.

व्यापारी के मुताबिक आरोपी एक करोड़ 70 लाख की कीमत का सोना ले गए हैं. व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चारों आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 394, 506 (2) और 120 B के तहत केस दर्ज कर लिया है. पुलिस सूत्रों में बताया कि सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है.

देहरादून में पकड़ा गया था फर्जी सीबीआई अफसर

पिछले हफ्ते 15 जनवरी को देहरादून पुलिस ने राजस्थान के उदयपुर से ‘स्पेशल 26’ फिल्म की तर्ज पर लूट करने वाले गिरोह के 10 हजार के इनामी सगरना को गिरफ्तार किया था.

देहरादून एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया था कि पकड़े गए आरोपी का नाम पवनदीप है. वह रोहिणी दिल्ली का रहने वाला है. उसने अपने छह साथियों के साथ मिलकर फरवरी 2022 को ऋषिकेश के बाल्मीकि नगर में रहने वाले एक फाइनेंसर संदीप के घर फर्जी रेड मारी थी. उन्होंने बताया कि सभी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया था लेकिन पवनदीप फरार हो गया था. इसके बाद गिरफ्तारी के लिए 10 हजार का इनाम रख दिया था.

Exit mobile version