पंजाब और दिल्ली की पुलिस ने मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश की गुत्थी को सुलझाने में काफी हद तक कामयाबी हासिल कर ली है. पुलिस के मुताबिक दिल्ली की तिहाड़ जेल और विदेश में बैठे तीन गैंगस्टरों ने मिलकर चार राज्यों से आठ किराए के शूटर जुटाए और अंत में एक ड्रग एडिक्ट ने सिद्धू मूसेवाला की अंतिम-मिनट की रेकी की, जिसके बदले में उसे केवल कुछ हजार रुपये मिलने की बात सामने आ रही है. कई महीनों में रची गई इस हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए कुछ शूटरों को 3.5 लाख रुपये तक दिए गए.
पंजाब पुलिस इस घटना के पीछे कुछ गिरोहों की आपसी रंजिश को जिम्मेदार बता रही है. बहरहाल 29 मई को मनसा में दिनदहाड़े सिद्धू मूसेवाला की हत्या किए जाने के 18 दिन बाद भी राज्य के अधिकारी किसी भी शूटर को गिरफ्तार नहीं कर पाए हैं. पुणे पुलिस ने जरूर दो शूटरों को पकड़ा है और वे जल्द ही पंजाब लाए जाएंगे. फिर भी पंजाब पुलिस को उम्मीद है कि मूसेवाला की हत्या की साजिश के कथित मास्टरमाइंड गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से चल रही पूछताछ से हर बात का खुलासा हो सकता है.
पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चंडीगढ़ में बताया कि जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा. सभी आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद करेगी. पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियारों की भी तलाश कर रही है, जिनके बारे में माना जा रहा है कि वे राज्य में कहीं जमीन में गाड़ दिए गए हैं.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें