भरतपुर जिले से हैरान कर देने वाली खबर है । कल रात को एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी , जिस समय गोली मारी उस समय घर में 5 साल से लेकर 10 साल तक के 3 बच्चे मौजूद थे।
उन्होंने अपनी मां की मौत अपनी आंखों से देखी, पिता को कुछ बोलते पिता ने तीनों को धमका दिया । गोली की आवाज सुनकर पड़ोसी आए उससे पहले पत्नी को नहलाया और उसे पलंग के नीचे छुपा दिया मानो वह सो रही हो, इतना ही नहीं पत्नी के खून से सने हुए कपड़े जमीन में गाड़ दिए।
भरतपुर जिले के पहाडी थाना इलाके का है मामला
जब पंचायत को सूचना मिली तो पंचायत के लोग मौके पर आ पहुंचे । पंचायत के सदस्यों ने उसे पुलिस के हवाले करने के लिए कहा तो उसने पत्नी के परिवार वालों को ₹20 लाख का ऑफर दे दिया । पूरी रात पंचायत, पति और पत्नी के परिवार तीनों के बीच में मोलभाव चलता रहा, लेकिन आज सवेरे पुलिस को सूचना मिली और मामला खुल गया। घटनाक्रम भरतपुर जिले के पहाडी थाना इलाके का है ।
जब वाहिद ने बच्चों के सामने शहनाज को मारी गोली…
पुलिस आरोपी वाहिद को तलाश कर रही है । पहाड़ी थाना पुलिस ने बताया इखनाका गांव में रहने वाला वाहिद किराए पर बोलेरो गाड़ी चलाता है । कल रात करीब 8:00 बजे वह घर आया । तीनों बच्चे घर में थे। पत्नी शहनाज से किसी बात को लेकर विवाद हो गया , रात करीब 9:30 बजे वाहिद ने पत्नी शहनाज को बच्चों के सामने ही गोली मार दी । एक ही गोली मारी जो सीने के आर पार हो गई। कुछ ही सेकंड में शहनाज की मौत हो गई।
खून से सने और दबे कपड़े पुलिस ने निकाले तो हुआ खुलासा
आज सवेरे पुलिस को किसी ने सूचना दी तब जाकर पुलिस मौके पर पहुंची । पता चला वाहिद उसके तीनों बच्चे और परिवार के अन्य लोग फरार हैं । आज दोपहर में इस घटनाक्रम की सूचना अफसरों को मिली , तब जाकर मुकदमा दर्ज किया गया। लाश को मुर्दाघर में रखवाया गया। जहां खून से सने हुए कपड़े दबाए गए थे वहां से कपड़े निकाल लिए गए हैं। अब हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है । पुलिस अफसरों का कहना है कि पंचायत के सदस्यों ने भी लापरवाही की है , इस मामले में उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें