हिमालय प्रहरी

शादी से कुछ घंटे पहले पिता ने की बेटे की निर्मम हत्या, कैंची से किए कई हमले

खबर शेयर करें -

दक्षिण दिल्ली के राजू पार्क, देवली एक्सटेंशन में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर अपने बेटे गौरव सिंघल (29) की कैंची व मूसल से वार कर बुधवार रात को हत्या कर दी।

बेटे की गुरुवार को शादी थी। कहा जा रहा है कि गांव वालों के सामने हुई बेइज्जती का बदला लेने के लिए वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपी पिता रंगलाल (50) को जयपुर से पकड़ लिया है। पुलिस ने रंगलाल के कब्जे से 15 लाख रुपये नकद और 50 लाख रुपये की कीमत की ज्वेलरी बरामद की है।

दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अंकित चौहन ने बताया कि रंगलाल अपनी पत्नी व बेटे गौरव से अलग रहता था। इसने मकान किराए पर दे रखे हैं। गौरव राजू पार्क इलाके में ही जिम चलाता था। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गौरव की शादी गुरुवार सात मार्च को थी। शादी से पहले घर में बुधवार को संगीत के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। गौरव भी कार्यक्रम में शामिल हुआ।

इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक आया और उसने गौरव को बताया कि उसके पिता उनकी ही निर्माणाधीन इमारत में उसे बुला रहे हैं। गौरव कार्यक्रम को बीच में ही छोड़ कर अपने पिता के पास चला गया। जहां पिता ने अपने तीन साथियों के साथ कैंची व मूसल से उस पर हमला कर दिया। हत्या करने के बाद शव को खींच कर दूसरे कमरे में डाल दिया। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है।

जब गौरव कार्यक्रम से काफी देर तक गायब रहा तो परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया। खासी भागदौड़ के बाद गौरव का शव निर्माणाधीन इमारत में मिला। यहां पर गौरव का शव लहूलुहान पड़ा हुआ था। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में भी पिता और तीन अन्य लोग फुटेज में दिखाई दे रहे हैं। साथ ही पिता के हाथ में एक बैग भी दिखाई दे रहा है, जिसमें आरोपी ने घर में रखे पैसे ले लिए थे।

बेटा व पत्नी उसकी बेइज्जती करते रहते थे
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी रंगलाल का कहना है कि बेटा गौरव और उसकी पत्नी उससे अलग रहते थे। इनके बीच पिछले छह साल से झगड़ा चल रहा है। दोनों एक दूसरे से बात नहीं करते थे। छह साल पहले हुए झगड़े में गौरव ने अपने पिता को गांव के लोगों के सामने थप्पड़ मार दिया था। इसके बाद से दोनों के बीच मनमुटाव रहता था। सगाई से एक दिन पहले दो मार्च को पिता-पुत्र में झगड़ा हुआ था।

पूरा गांव उसे पहचानेगा
स्थानीय लोगों का कहना है कि रंगलाल कुछ दिनों से लोगों से कह रहा था कि गांव के लोग उसे पहचानते नहीं है और इज्जत नहीं करते हैं। मगर वह एक दिन ऐसा काम कर के जाऊंगा, जिससे पूरा गांव ही मुझे पहचान जाएगा।

Exit mobile version