आंध्र प्रदेश में एक दूल्हा-दुल्हन की शादी हुई. शादी के बाद दोनों अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मंदिर में दर्शन करने गए. मगर जब दर्शन करके लौट रहे थे, तभी कुछ ऐसा हुआ, जिसके बाद उनकी दुनिया ही लुट गई. दरअसल, आंध्र प्रदेश के नांदयाला जिले में बुधवार सुबह एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, जिससे एक नवविवाहित दंपति सहित एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.
पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘एक ट्रक चालक ने किसी काम से अपने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया था और जैसे ही वह ट्रक से उतरा तभी पीछे से एक तेज रफ्तार कार ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी.’ इस घटना की सूचना मिलती ही गांव में सन्नाटा पसर गया. आस-पड़ोस के लोग घटनास्थल के लिए दौड़ पड़े.
बताया गया कि दंपति की 29 फरवरी को शादी हुई थी और परिवार सिकंदराबाद के अलवाल इलाके का रहना वाला था. दुर्घटना के बाद पुलिस ने मृतकों में से एक के मोबाइल फोन से उनके रिश्तेदारों को सूचित किया और शवों को स्थानीय अस्पताल भेज दिया गया.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
