लालकुआं: प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल लालकुआं इकाई के त्रिवार्षिक चुनाव को लेकर स्थानीय सरगर्मियां अपने पूरे उफान पर हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को महामंत्री पद के मजबूत दावेदार व वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अमजद खान ने मुख्य चुनाव अधिकारियों के समक्ष पूरे दलबल के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। अमजद खान के नामांकन के दौरान स्थानीय व्यापारियों और समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला, जिससे बाजार का चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है।
31 मई को होगा मतदान, महामंत्री पद पर सबसे कड़ा मुकाबला
व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए आगामी 31 मई को मतदान होना निश्चित हुआ है। इस बार के चुनाव में सबसे ज्यादा दिलचस्प और त्रिकोणीय मुकाबला महामंत्री पद पर ही देखने को मिल रहा है। अमजद खान के अलावा कई अन्य दिग्गज भी इस पद के लिए चुनावी मैदान में ताल ठोक चुके हैं। अपनी दावेदारी को लेकर अमजद खान ने स्पष्ट किया कि वे अपनी मर्जी से नहीं, बल्कि क्षेत्र के छोटे-बड़े व्यापारियों के विशेष आग्रह और भरोसे पर चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने कहा कि वे हमेशा से व्यापारियों के सुख-दुख में खड़े रहे हैं और भविष्य में भी बिना किसी भेदभाव के हर तबके के व्यापारी के हकों की रक्षा के लिए तत्पर रहेंगे।
समर्थकों के तूफानी जनसंपर्क से बदले समीकरण
अमजद खान की पहचान क्षेत्र में एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में होती है, जो हर सामाजिक सरोकार में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। हालांकि मैदान में अन्य दिग्गजों के होने से उनकी राह आसान नहीं है, लेकिन उनके समर्थकों द्वारा दिन-रात चलाए जा रहे तूफानी जनसंपर्क अभियान ने इस चुनावी मुकाबले को बेहद रोचक और चौंकाने वाला बना दिया है। समर्थकों का दावा है कि बाजार का एक बड़ा वर्ग अमजद खान की सादगी और मिलनसार स्वभाव के पक्ष में लामबंद हो रहा है।
नामांकन के दौरान मौजूद रहे कई प्रतिष्ठित चेहरे
अमजद खान ने मुख्य चुनाव अधिकारी संजय जोशी, संजीव शर्मा, दीप नयाल और रंजीत बोरा की उपस्थिति में अपना नामजदगी का पर्चा सौंपा। इस ऐतिहासिक नामांकन के मौके पर मुख्य रूप से इमरान खान, जितेंद्र पाल, अकरम, नन्हे, इकराम, नवाब, अफजल खान, आमिर खान, शोएब खान, अनु भाटिया, रवि अनेजा, जावेद अंसारी, शारिक अंसारी, मुख्तियार अंसारी और हाल ही में उपाध्यक्ष पद के दावेदार भुवन सिंह बिष्ट समेत भारी संख्या में स्थानीय व्यापारी, दुकानदार और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे और अमजद खान को अपनी शुभकामनाएं दीं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
