देहरादून। उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी के कोर ग्रुप की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आज बुधवार को दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय में आयोजित होने जा रही है। संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही इस बैठक में प्रदेश संगठन के प्रमुख नेताओं के साथ-साथ भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी शिरकत करेगा। बैठक में पिछले दिनों संगठन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा, आगामी जनसंपर्क अभियानों और वर्ष 2027 में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के रोडमैप पर विस्तृत मंथन किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष और बी.एल. संतोष का मिलेगा मार्गदर्शन
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष सहित केंद्रीय नेतृत्व के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बैठक की पुष्टि करते हुए बताया कि यह संगठन की नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा है। बैठक के दौरान केंद्रीय नेतृत्व से प्राप्त सुझावों और निर्देशों के आधार पर प्रदेश में आगामी कार्यक्रमों को गति दी जाएगी। पार्टी का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाना है।
2027 के चुनावी समर की अभी से तैयारी
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने अभी से अपनी रणनीतिक व संगठनात्मक गतिविधियों को धार देना शुरू कर दिया है। दिल्ली में आयोजित यह मंथन केवल नियमित समीक्षा तक सीमित न रहकर आने वाले राजनीतिक रोडमैप, संगठन विस्तार और केंद्र व प्रदेश नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी एक निर्णायक कदम साबित होगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें