
हरदोई: संडीला तहसील को नया जिला घोषित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है। ‘प्रहलाद नगरी जन कल्याण समिति’ के अध्यक्ष शिवम द्विवेदी द्वारा उत्तर प्रदेश शासन को भेजे गए प्रत्यावेदन पर बड़ा संज्ञान लेते हुए राजस्व परिषद ने इस दिशा में आधिकारिक कदम उठाया है। राजस्व परिषद, उत्तर प्रदेश के आयुक्त एवं सचिव के प्रभारी अधिकारी की ओर से हरदोई के जिलाधिकारी (DM) को एक पत्र जारी कर संडीला को नया जिला बनाए जाने के संबंध में आवश्यक भौगोलिक, प्रशासनिक और जनसांख्यिकीय रिपोर्ट जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में समिति के अध्यक्ष शिवम द्विवेदी ने बताया कि संडीला क्षेत्र न केवल क्षेत्रफल और आबादी के लिहाज से बड़ा है, बल्कि ऐतिहासिक और आर्थिक रूप से भी बेहद समृद्ध है। जिला मुख्यालय हरदोई से दूरी अधिक होने के कारण स्थानीय जनता को प्रशासनिक व न्यायिक कार्यों के लिए भारी असुविधा होती है। संडीला को जिला घोषित किए जाने से क्षेत्र का चहुंमुखी विकास होगा और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। शासन द्वारा रिपोर्ट मांगे जाने के इस फैसले का क्षेत्र की जनता ने पुरजोर स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही संडीला को नए जिले का दर्जा प्राप्त होगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें