हिमालय प्रहरी

बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता की हत्या, चारपाई की पाटी से वार कर उतार मौत के घाट

खबर शेयर करें -
उधमसिंह नगर/खटीमा। जिले के खेतलसंडा खाम गांव में एक बेटी की आबरू बचाने की कीमत पिता को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। पानी भरकर लौट रही युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंग दो भाइयों ने उसके पिता के सिर पर चारपाई की पाटी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के लिए गोरखपुर एम्स ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में तनाव और मातम का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी धरपकड़ के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
सरकारी नल से पानी भरकर लौट रही थी बेटी; डांटने पर आक्रोशित भाइयों ने किया कातिलाना हमला
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका परिवार रोजी-रोटी के सिलसिले में खेतलसंडा खाम गांव में रह रहा था। बीते 27 सितंबर की दोपहर करीब 2:00 बजे वह गांव के सरकारी नल से पानी भरकर अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में गांव के ही दो सगे भाई संजय और सुभाष उसकी घेराबंदी कर छेड़छाड़ करने लगे। बेटी को विपत्ति में देख जब पिता ने दौड़कर दोनों आरोपियों को डांटा और विरोध किया, तो आक्रोशित होकर दोनों भाइयों ने उनके साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपियों ने पास रखी चारपाई की पाटी उठाकर पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े।
एम्स ले जाते वक्त रास्ते में तोड़ा दम; पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल पिता को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए गोरखपुर एम्स के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि, घाव गहरे होने के कारण रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Exit mobile version