हिमालय प्रहरी

‘तुमसे शादी करूंगा…’, बोलकर लड़के ने देर रात सड़क पर किया प्रपोज, इनकार पर काटी गर्दन

खबर शेयर करें -

मुंबई से सटे डोंबिवली में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक लड़के ने 25 साल की युवती को शादी के लिए प्रपोज किया. मगर, उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया. इस पर लड़का आगबबूला हो गया और बीच सड़क पर चाकू से गर्दन पर वार कर दिया.

गंभीर रूप से घायल युवती का इलाज चल रहा है.

जिग्नेश नाम का लड़का डोंबिवली पूर्व के देसलेपाड़ा इलाके में रहता है. इसी इलाके में उसकी दोस्त भी रहती है. युवती जिग्नेश को अपना दोस्त मानती थी, जबकि लड़का उससे एकतरफा प्यार करता था.

रास्ते में रोककर शादी के लिए प्रपोज किया

14 अप्रैल की देर रात युवती अकेले अपने घर की ओर जा रही थी. जब वो डोंबिवली पूर्व के शांतिनगर इलाके में वेद ओमशांति सोसाइटी के सामने सड़क पर पहुंची तो अचानक जिग्नेश उसके सामने आ गया. उसने रास्ते में रोककर उसे शादी के लिए प्रपोज किया.

‘मैं तुमसे शादी करूंगा, तुम मेरे साथ आओ’

लड़के ने कहा, “मैं तुम्हें बहुत पसंद करता हूं, मैं तुमसे शादी करूंगा, तुम मेरे साथ आओ”. ये सुनकर युवती के पैरों तले जमीन इसलिए खिसक गई क्योंकि वो जिग्नेश को अपना दोस्त मानती थी. उसने कभी इस बारे में सोचा भी नहीं था कि वो कभी ऐसा करेगा.

चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर दिया’

इसी वजह से उसने शादी का प्रपोजल ठुकरा दिया. इस बात से खफा होकर जिग्नेश ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर दिया और मौके से फरार हो गया था. इसी बीच घटना की जानकारी मिलने पर तिलकनगर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची.

पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल युवती को डोंबिवली के एक अस्पताल में भर्ती कराया. यहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए इलाज के लिए दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया. फिलहाल, उसका इलाज चल रहा है और हालत स्थिर बताई जा रही है. इस मामले में तिलक नगर पुलिस ने टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.

 

Exit mobile version