रीवा से हाल ही में अलग होकर बने मऊगंज जिले में 30 मई को 16 साल की लड़की कंचन का कंकाल मिला था. ठीक एक दिन बाद 31 मई को पुलिस ने न केवल इस मामले का खुलासा कर दिया, बल्कि आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी कोई और नहीं, बल्कि नाबालिग लड़की का रिश्ते में ‘मामा’ लगने वाला युवक है. दोनों के बीच दो साल से अफेयर चल रहा था. पुलिस इस मामले में आरोपी से और पूछताछ कर रही है. आरोपी ने पुलिस को हत्या की वजह बता दी है.
मामला मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना इलाके में आने वाले गांव हर्दिहा का है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतिका कंचन का मोबाइल और सिम कार्ड जब्त कर लिया है. मऊगंज एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि कंचन का कंकाल मिलने के बाद टीम ने सभी रिश्तेदारों की मोबाइल लोकेशन की जांच की. इस दौरान पता चला कि 23 साल का मुकेश साकेत उर्फ लाली कंकाल वाली जगह पर मौजूद था. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत मैं तो उसने पुलिस को भ्रम में डालने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया. उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और हत्या का सारा राज खोल दिया.
आरोपी ने खोला ये खौफनाक राज
मुकेश साकेत ने पुलिस को बताया, मेरे और कंचन के बीच पिछले दो सालों से प्रेम संबंध थे. जिस दिन हत्या हुई यानी 12 मई को हम दोनों ने मिलने की योजना बनाई. आधी रात को हम दोनों कंचन के घर के पास खेत में मिले. तब कंचन बोली कि मुझे भगा ले चलो और शादी कर लो. लेकिन, मैंने उसे मना कर दिया. मेरे मना करने के बाद कंचन जोर-जोर से चिल्लाने लगी, शोर मचाने लगी. इस पर मैं आवेश में आ गया और उसका गलो घोंट दिया. उसके बाद मैंने उसके शव को मिट्टी में छिपा दिया.
इस दिन हुई थी वारदात
गौरतलब है कि मऊगंज जिले के हरदिहा गांव से 13 मई की सुबह करीब 4 बजे 10वीं की छात्रा अचानक गायब हो गई थी. परिजनों ने 16 साल की बेटी कंचन की बहुत तलाश की. लेकिन, वह नहीं मिली. इसके बाद कंचन के पिता रणजीत साकेत ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई. गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. इस बीच 30 मई की सुबह उसका कंकाल मिला.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
