हिमालय प्रहरी

माशूका ने कॉल कर मिलने को बुलाया, पहुंचते ही आशिक पर तेजाब फेंकवाया

खबर शेयर करें -

प्यार में असफल होने या एकतरफा इश्क में प्रेमी द्वारा प्रेमिका के ऊपर अटैक करने की कई घटनाएं घट चुकी हैं लेकिन बिहार के वैशाली में एक प्रेमिका ने अपने ही प्रेमी के ऊपर तेजाब फेंकवा दिया जिसमें प्रेमी युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है और अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है.

यह पूरा मामला पातेपुर थाना क्षेत्र के सिमरवाड़ा गांव की है जहां सोमवार की अहले सुबह एक युवक पर प्रेम प्रसंग में एसिड अटैक कर दिया गया.

इस अटैक में युवक का चेहरा बुरी तरह से झुलस गया. आरोप है कि युवक पर एसिड अटैक करने वालों में लड़की भी शामिल है, जिससे घायल लड़का पिछले पांच महीने से सम्पर्क में था. आनन-फानन में युवक को स्वजनों की मदद से हाजीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना पर पातेपुर पुलिस भी घायल का फर्द बयान लेकर मामले की पड़ताल में जुट गई है.

घटना के संबंध में पूछे जाने पर पातेपुर थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि सिमरवाड़ा गांव का रहने वाला धर्मेन्द्र कुमार एक शादी समारोह में शामिल होने निकला था. लगभग पांच महीने से गांव की ही एक लड़की से बात करता था. समारोह से लौटने के दौरान भी उस लड़की से देर रात मुलाकात की. मुलाकात कर लौटने के क्रम में अचानक एक युवक निकला और चेहरे पर एसिड अटैक कर दिया. इस दौरान आरोपित युवती भी घटनास्थल पर मौजूद थी.

किसी तरह युवक घटनास्थल से गिरते पड़ते भागा और घर पहुंचा. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने घायल युवक का फर्द बयान दर्ज कर लिया है, जिसके आधार पर पुलिस एफआईआर कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है. युवक का इलाज करने वाले डाक्टर रेयाज अहमद ने बताया कि एसिड अटैक का असर युवक की आंखों पर सबसे ज्यादा हुआ है. आंखें गंभीर रुप से क्षतिग्रस्त हुई है और गर्दन पर भी एसिड अटैक का असर है इसलिए युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है.

Exit mobile version