हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड में सक्रिय मानसून: देहरादून समेत छह जिलों में भारी बारिश का ‘यलो अलर्ट’, तेज बौछारों से जलभराव बढ़ा

खबर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घने बादल छाए हुए हैं और रुक-रुककर तेज बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी देहरादून में शनिवार को हुई झमाझम बारिश से स्थानीय निवासियों को उमस भरी गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन निचले और मुख्य क्षेत्रों में जलभराव होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। वहीं पर्वतीय जिलों, विशेषकर पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर मूसलाधार बौछारें दर्ज की गई हैं।

छह जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार को प्रदेश के छह जिलों—देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ भारी वर्षा होने और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी तेज गर्जना के साथ बौछारें पड़ने की संभावना व्यक्त की गई है।

सोमवार से और तेज होंगी मानसूनी गतिविधियां

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में सोमवार से मानसून की गतिविधियां और अधिक तीव्र होंगी, जिससे कई इलाकों में बारिश का दौर तेज हो सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर आने की चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है, साथ ही संवेदनशील मार्गों पर यात्रियों और ग्रामीणों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version