हिमालय प्रहरी

नीलामी से पहले एंबुलेंस का कर दिया ‘पोस्टमार्टम’, रिपोर्ट में आ रही घोटाले की बू

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,काशीपुर।एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय में वर्षों से खुले में खड़ी जर्जर सरकारी एंबुलेंसें अब गंभीर सवालों के घेरे में हैं। नीलामी प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही एक एंबुलेंस को कटवाकर उसके पार्ट्स अलग-अलग कर दिए गए। अस्पताल प्रशासन इसे चोरी से बचाव की कार्रवाई बता रहा है, लेकिन हालात और घटनाक्रम कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। पूरे मामले में अब घोटाले की बू महसूस की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, निर्धारित समय सीमा पूरी होने के बाद अस्पताल मार्ग से पांच पुरानी एंबुलेंसों को हटाकर ट्रामा सेंटर के पास पेड़ के नीचे खड़ा कर दिया गया था। लंबे समय से खुले में पड़े रहने के कारण ये वाहन पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। कई हिस्से गल चुके हैं और समय-समय पर पार्ट्स चोरी होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं।
इसी बीच चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि इन एंबुलेंसों की नीलामी के लिए बाकायदा विज्ञप्ति जारी की जा चुकी थी, इसके बावजूद नीलामी नहीं हो सकी। नीलामी लंबित रहते हुए अचानक एक एंबुलेंस का ‘पोस्टमार्टम’ कर दिया गया। मौके पर इंजन और दो पहियों का एक सेट कुछ दूरी पर अलग पड़ा मिला, जिसने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया। अस्पताल परिसर में इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं।
सीएमएस डॉ. संदीप दीक्षित का कहना है कि अस्पताल में वर्षों से खड़ी एंबुलेंसें पूरी तरह जंग खा चुकी हैं और उनका सामान चोरी होने लगा था। इसी कारण एक एंबुलेंस के पार्ट्स कटवाकर अस्पताल में सुरक्षित रखवाए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि महिला विभाग की ओपीडी से ब्लोअर चोरी होने की घटना सामने आई है, जिसकी सूचना पुलिस को दी जा रही है। नीलामी की प्रक्रिया सीएमओ स्तर से कराई जाएगी।
वहीं इस मामले पर सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने कहा कि पुरानी एंबुलेंसों की नीलामी प्रक्रिया नियमानुसार कराई जाएगी और इसके लिए सीएमएस को निर्देश दे दिए गए हैं।
हालांकि बड़ा सवाल अब भी कायम है कि जब नीलामी की प्रक्रिया प्रस्तावित और लंबित थी, तो एंबुलेंस को काटने की जल्दबाजी क्यों दिखाई गई? क्या यह केवल चोरी से बचाव था या इसके पीछे कोई और वजह है—यह जांच का विषय बनता जा रहा है। फिलहाल यह मामला अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सरकारी संपत्ति के संरक्षण पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Exit mobile version