उत्तराखंड में फिलहाल मौसम में बदलाव की कोई संभावना नहीं है। अगले चार दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले कुछ दिनों में दिखाई देगा। इसके बाद दिन के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। उधम सिंह नगर और हरिद्वार की कुछ हिस्सों में उथला कोहरा छाएगा। उत्तराखंड में पड़ रही सूखी ठंड के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। बुखार, जुखाम, खांसी और सांस की बीमारी के मरीज बढ़ रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने से ठंड बढ़ गई है।
हल्द्वानी में दोपहर के समय चटक धूप निकल रही लेकिन बाकी के समय ठंड बढ़ रही है। अपरान्ह होते ही ठंड में इजाफा हो रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम है।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ विक्रम सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ 22 या 23 दिसंबर से आने की संभावना है। इसके बाद बारिश हो सकती है और दिन के तापमान में गिरावट आने के आसार हैं। दिन और रात के तापमान में अंतर से सेहत पर भी भारी असर पड़ रहा है। इससे फ्लू की आशंका रहती है। चिकित्सकों के अनुसार ठंड से बचाव के उपाय जरूरी है और खानपान को लेकर एहतियात बरतनी चाहिए। उत्तराखंड के कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे चला गया है। जून में इस सीजन का न्यूनतम तापमान पहली बार 6 डिग्री से नीचे पहुंच गया है।
सोमवार को न्यूनतम पारा सामान्य से दो डिग्री कम 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार की रात इस सीजन की सबसे सर्द रात रही।