हिमालय प्रहरी

प्रधानमंत्री ई-नीलामी में शामिल हुई देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत; उत्तराखंड के प्रसिद्ध मंदिरों के मॉडल और लोककलाएं बनीं आकर्षण का केंद्र

खबर शेयर करें -
देहरादून। देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलने जा रही है। उत्तराखंड के प्रसिद्ध मंदिरों, धार्मिक परंपराओं, लोककला और क्षेत्रीय पहचान को दर्शाने वाले स्मृति चिह्नों को आठवीं प्रधानमंत्री स्मृति चिह्न ई-नीलामी में शामिल किया गया है। इन स्मृति चिह्नों की नीलामी से प्राप्त होने वाली संपूर्ण राशि ‘नमामि गंगा’ कार्यक्रम के लिए समर्पित की जाएगी।

उत्तराखंड के प्रमुख मंदिरों और कलाकृतियों का संग्रह

इस ई-नीलामी में उत्तराखंड के चार प्रमुख और पवित्र धामों व मंदिरों के मॉडल शामिल किए गए हैं। इनमें श्री केदारनाथ धाम के दो मॉडल, उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर का मॉडल और मुखबा स्थित गंगा जी मंदिर का लकड़ी से बना सुंदर मॉडल प्रमुख हैं। ये सभी मॉडल राज्य की गहरी धार्मिक आस्था और तीर्थयात्रा परंपराओं को खूबसूरती से दर्शाते हैं।
इसके अलावा, संग्रह में यमुनोत्री चारों धाम को दर्शाने वाला फोटो प्रिंट, मनसा देवी मंदिर, आदि कैलाश, देवता मंदिर और कार्तिक स्वामी मंदिर की झलक भी देखने को मिलती है। साथ ही, महासू देवता की शैली और पारंपरिक ऐपन कला से सजी दीवार घड़ी तथा मां दुर्गा की आकर्षक कलाकृति भी इस संग्रह का हिस्सा हैं, जो उत्तराखंड की लोक संस्कृति का अनूठा नमूना पेश करती हैं।

पारंपरिक टोपियां और लक्ष्य सेन का रैकेट भी शामिल

उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने के लिए इसमें सात पारंपरिक पहाड़ी टोपियों को भी शामिल किया गया है, जो राज्य की क्षेत्रीय विविधता को दर्शाती हैं। वहीं, खेल जगत में राज्य का नाम रोशन करने वाले उत्तराखंड के प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन का हस्ताक्षर किया हुआ रैकेट भी इस नीलामी का विशेष आकर्षण है।

31 अक्टूबर तक चलेगी ई-नीलामी

संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री स्मृति चिह्नों की यह आठवीं ई-नीलामी अब बढ़ाकर 31 अक्टूबर तक कर दी गई है। जो भी इच्छुक लोग इन अनूठे स्मृति चिह्नों को खरीदने या इस नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के इच्छुक हैं, वे आधिकारिक पोर्टल pmmementos.gov.in पर जाकर सभी स्मृति चिह्नों की सूची, नियम और भागीदारी से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
Exit mobile version