हिमालय प्रहरी

एलबीएस महाविद्यालय हल्दूचौड़ में छात्रसंघ चुनाव संपन्न: अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित हिमांशु पांडे ने दर्ज की शानदार जीत, खुशी मेहता बनीं कोषाध्यक्ष

खबर शेयर करें -
हल्दूचौड़ (लालकुआं)। लाल बहादुर शास्त्री (LBS) राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्दूचौड़ में छात्रसंघ चुनाव 2026-27 की प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। चुनाव परिणामों की घोषणा होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर जश्न मनाया। अध्यक्ष पद के मुख्य मुकाबले में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी हिमांशु पांडे ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को पटकनी देते हुए शानदार जीत हासिल की, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर खुशी मेहता ने परचम लहराया।
कड़े मुकाबले में 28 मतों से जीते हिमांशु पांडे; 8 पदों पर हुआ निर्विरोध चुनाव
महाविद्यालय में अध्यक्ष पद के लिए हिमांशु पांडे और हिमांशु सुयाल के बीच बेहद रोमांचक और सीधा मुकाबला देखने को मिला। अंतिम मतगणना के बाद हिमांशु पांडे ने 455 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि हिमांशु सुयाल को 427 मतों से ही संतोष करना पड़ा। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर खुशी मेहता ने 526 मत हासिल कर शिखा खत्री (322 मत) को बड़े अंतर से पराजित किया।
इसके अलावा महाविद्यालय के 8 प्रमुख पदों पर एक-एक नामांकन होने के कारण निर्विरोध निर्वाचन हुआ। इनमें उपाध्यक्ष (छात्र) पद पर सावन मेहता, उपाध्यक्ष (छात्रा) पद पर करिश्मा, सचिव पद पर दीपक कुमार, संयुक्त सचिव पद पर आंचल बैठा, सांस्कृतिक सचिव पद पर भावना भट्ट तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (UR) पद पर अभिषेक भट्ट निर्विरोध चुने गए। हालांकि, विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पद पर किसी भी छात्र द्वारा नामांकन दाखिल न किए जाने के कारण यह पद रिक्त रह गया। निर्वाचन अधिकारी व कॉलेज प्रशासन ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को बधाई देते हुए शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने पर पुलिस व छात्रों का आभार जताया।
Exit mobile version