ओडिशा के बाड़गढ़ जिले एक घर में परिवार के तीन लोगों की लाशें मिलने से हड़कंप मच गया है. मरने वालों में 60 साल का व्यक्ति और उसकी दो पत्नियां हैं. पुलिस अधिकारी अमित कुमार पांडा ने बताया कि 60 साल के तंकाधर साहू और उनकी दोनों पत्नियां द्रौपदी साहू (55) और माधवी साहू (50) की दर्दनाक हत्या हुई है.
खून से लथपथ थी लाशें
घर के भीतर से जब तीनों की लाश बरामद हुई तो वह खून से लथपथ थी. तीनों लाशों पर गहरे घाव हैं. जब लाशें मिलीं तक घर का दरवाजा बाहर से बंद था. जानकारी के अनुसार तंकाधर ने पहली पत्नी से बच्चा न होने के चलते दूसरी शादी की थी. फिलहाल मामले में जांच जारी है. ये मामला तब सामने आया जब पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दी कि तंकाधर के घर का दरवाजा नहीं खुल रहा है. हालांकि इन तीनों मौतों के पीछे सही कारण साफ नहीं हो सका है. फिलहाल फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है. इस समय ये मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है.
हालांकि एक साथ पूरे परिवार की दर्दनाक हत्या का ये कोई पहला मामला नहीं है बल्कि पहले भी कई बार ऐसे मामले आते रहे हैं.
एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या
इससे पहले उत्तर प्रदेश के बांदा में बीते रविवार 16 अप्रैल की सुबह एक ही परिवार के 4 सदस्यों की हत्या के बाद लोगों का दिल दहल गया. धारदार हथियार से घटना को अंजाम दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए. मृतकों में पति- पत्नी, एक महिला और एक बच्चा शामिल है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंची मामले में जांच की जा रही है.
एक घर में 7 मर्डर से सनसनी
वहीं इसी साल जनवरी में महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक ही परिवार के सात लोगों की लाशें मिली थीं. एक साथ 7 मौतों से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. सबके मन में एक ही सवाल था कि एक साथ पूरा परिवार कैसे मौत के मुंह में समा गया? पुलिस ने इस मामले को पहले तो सामूहिक आत्महत्या बता दिया था. लेकिन जब पुख्ता छानबीन और जांच के बाद इस मामले का खुलासा हुआ, तो हर कोई हैरान रह गया. असल में यह मामला सुसाइड का नहीं बल्कि साजिशन कत्ल का निकला. पुरानी रंजिश के चलते पूरे परिवार का खात्मा कर दिया गया और उनकी लाशें नदी में फेंक दी गईं.
मां, बहन, दादी और पिता को मौत के घाट उतारा
वहीं बीते साल दिल्ली के पालम में एक परिवार के 4 सदस्यों की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ था. ये हत्या घर के बेटे केशव ने की थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी बेटे केशव ने सबसे ज्यादा बार अपने पिता पर चाकू से हमला किया. पिता के शरीर पर चाकू के 20 घाव मिले थे. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि एक झगड़े के दौरान उसके पिता ने उसे डांटा था. इसके बाद उसने हत्याकांड को अंजाम देने का फैसला किया. आरोपी केशव ने अपने पिता, दादी, बहन और मां की हत्या कर दी थी.
आरोपी केशव ड्रग्स का आदी था और परिवार में पैसों के लिए झगड़ा करता था. पुलिस के मुताबिक, केशव ने सबसे पहले अपनी दादी की हत्या की, उस वक्त घर में कोई मौजूद नहीं था. उसने दादी से कुछ पैसे मांगे थे. जब उन्होंने देने से इनकार कर दिया, तो उसने उनकी हत्या कर दी. इसके बाद उसने अपने पिता फिर मां और फिर बहन की एक एक कर हत्या कर दी. केशव को मौके से भागते हुए गिरफ्तार कर लिया गया था.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें