
हरदोई: जनपद के मुख्य रोडवेज बस अड्डे का नाम बदलकर ‘प्रहलाद नगरी’ करने की मांग ने अब जोर पकड़ लिया है। स्थानीय सामाजिक संस्था ‘प्रहलाद नगरी जन कल्याण समिति’ की ओर से लंबे समय से की जा रही इस मांग पर उत्तर प्रदेश शासन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी है। शासन की ओर से हरदोई के जिलाधिकारी (डीएम) अनुनय झा को एक आधिकारिक पत्र भेजकर इस संबंध में आवश्यक नियमों के तहत प्रस्ताव पारित कर जल्द से जल्द शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सामाजिक संस्था की मांग पर शासन ने लिया संज्ञान
जानकारी के अनुसार, प्रहलाद नगरी जन कल्याण समिति के अध्यक्ष शिवम द्विवेदी ने हरदोई की पौराणिक और ऐतिहासिक महत्ता को देखते हुए रोडवेज बस अड्डे का नाम ‘प्रहलाद नगरी बस अड्डा’ करने के लिए शासन को एक अनुरोध पत्र भेजा था। समिति का तर्क है कि हरदोई का संबंध भगवान नरसिंह और भक्त प्रहलाद की पौराणिक कथाओं से गहराई से जुड़ा हुआ है, इसलिए सार्वजनिक स्थलों के नाम इस गौरवशाली इतिहास के अनुरूप होने चाहिए। शासन ने जनभावनाओं और समिति के इस अनुरोध का संज्ञान लेते हुए सीधे जिला प्रशासन से इस पर रिपोर्ट और प्रस्ताव तलब किया है।
डीएम को पत्र मिलने के बाद प्रशासनिक हलचल शुरू
शासन से जिलाधिकारी अनुनय झा को पत्र प्राप्त होने के बाद अब स्थानीय प्रशासनिक स्तर पर प्रस्ताव तैयार करने की कवायद शुरू हो गई है। परिवहन निगम और संबंधित विभागों के माध्यम से इस नामकरण के प्रस्ताव को तैयार कर शासन को भेजा जाएगा, जिसके बाद कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही बस अड्डे का नाम आधिकारिक तौर पर बदल दिया जाएगा। इस कदम के बाद हरदोई के सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने खुशी जाहिर की है और इसे जिले की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर पर मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा प्रयास बताया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें