बांदा में एक शख्स ने शराब के नशे में अपनी ही शादी में ऐसा उत्पात मचाया कि दुल्हन ने उसके साथ ब्याहने से इनकार कर दिया. इसके बाद लड़की के पक्ष वालों ने पुलिस बुला ली.
इसके बाद पुलिस आई और दूल्हे को उठा कर थाने ले गई. हालांकि, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों की सहमति से मंदिर में शादी संपन्न की गई.
आजतक से जुड़े सिद्धार्थ गुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र का है. जहां अर्जुनाह गांव के निवासी विजय श्रीवास की 18 साल की बेटी अंजली की शादी हमीरपुर के नदेहरा गांव के रहने वाले 25 साल के दिलीप से तय की गई थी. गुरुवार को शादी की रस्में पूरी की जा रही थीं. इसी दौरान जयमाल के वक्त दूल्हे ने कथित तौर पर अंजली के माता-पिता को किसी बात पर अचानक थप्पड़ मार दिया. पल भर में खुशी का माहौल कहासुनी में बदल गया. माता-पिता का अपमान देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. इसके बाद लड़की पक्ष को पुलिस बुलानी पड़ी. मामला स्थानीय थाने पहुंच गया.
पुलिस दूल्हे दिलीप समेत उसके बड़े भाई दीपक, मामा माता प्रसाद और पिता रामकृपाल को थाने ले जाती है. वहां दोनों पक्षों को समझाया जाता है. पुलिस के हस्तछेप से दोनों पक्षों में सहमति बन जाती है. इसके बाद शादी की रस्मों को आगे बढ़ाया गया. इलाके के विंध्यवासिनी मंदिर में दोनों पक्षों की मौजूदगी में दूल्हा-दुल्हन की जयमाल की रस्म पूरी की गई.
मामले पर गिरवां थाना के SHO राकेश कुमार तिवारी ने बताया,
‘मामला हमारे संज्ञान में आया था. दोनों पक्षों को समझाकर शादी की रस्म पूरी कराई गई. दोनों पक्ष जब राजी हो गए तब किसी ने तहरीर नहीं दी. शादी भी हो गई, बारात भी विदा हो गई.’
उत्तर प्रदेश में शादी में बवाल का ऐसा ही एक मामला बीते दिनों देवरिया से सामने आया था. जहां एक शादी के दौरान बारातियों और दुल्हन पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई. लड़ाई इतनी बढ़ गई कि पुलिस को बुलाना पड़ गया. लड़की के पिता ने तो दूल्हे और उसके कुछ साथियों के खिलाफ FIR तक दर्ज करा दी. कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया. बताया गया कि ये पूरा विवाद सिर्फ इस बात पर शुरु हुआ कि बारातियों के लिए खाने में मछली नहीं बनी थी.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
