मध्य प्रदेश के धार में एक नाबालिग लड़की ने अपने मंगेतर पर ही जानलेवा हमला कर दिया और भाग खड़ी हुई. मंगेतर गंभीर हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला. नाबालिग गिरफ्तार कर ली गयी है.
उसने मंगेतर के सिर पर हथौली से 13 वार किए थे. लड़की का कहना है मंगेतर उससे आपत्तिजनक तस्वीरें मांगता था. धार में मांडू रोड पर बने खंडहर में एक युवक गंभीर घायल हालत में बेहोश पड़ा मिला था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया. उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी और वह बेहोशी की हालत में था.
प्राथमिक इलाज के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया गया. जहां उसका ऑपरेशन भी हुआ. पुलिस की पूछताछ में युवक की पहचान खरगोन के रहने वाले मोहित के रूप में हुई. वहीं अस्पताल में घायल के जीजा और बहन ने पुलिस को बताया कि मोहित खरगोन से कार लेकर धार गया था. धार में उसकी मंगेतर रहती है, उसी से मिलने जाने का कहकर घर से निकला था. हालांकि घटना वाली जगह युवक अकेला ही बेहोश पड़ा मिला था.
पुलिस ने ऐसे सुलझाई जानलेवा हमले की गुत्थी
पुलिस सीएसपी देवेंद्र सिंह धुर्वे और कोतवाली टीआई दीपक सिंह चौहान ने बताया कि युवक लहूलुहान पड़ा था. पास ही उसकी कार भी खड़ी हुई थी. मौके से कोई हथियार नहीं मिला था. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया था. युवक के इलाज के दौरान पुलिस टीम घायल युवक का दो बार बयान लेने के लिए पहुंची, लेकिन वह गंभीर हालत में होने की वजह से बोल नहीं पा रहा था. युवक के जीजा और बहन के बयान के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की. इसके बाद सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल के आधार पर केस की गुत्थी को सुलझा लिया. इसमें युवक की मंगेतर ने हत्या करने की नीयत से हथौड़े से युवक पर वार किये थे और उसे मरा हुआ समझ कर फरार हो गई थी.
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले
पुलिस ने घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले. इनमें नाबालिग लड़की करीब 12.15 बजे डीआरपी लाइन रोड से मोहित की कार में बैठती नजर आई. इसके बाद मांडू रोड पर बने श्याम ढाबे के पास 12.22 बजे दोनों साथ में सुनसान इलाके की तरफ जाते हुए दिखाई दिए. लगभग 11 मिनट बाद लड़की अकेली वापस लौटती नजर आई. इसके बाद उसने सड़क किनारे 12.36 बजे एक ऑटो को हाथ दिया और उसमें बैठकर रवाना हो गई. वीडियो फुटेज और युवक के परिवार वालें के बयान के आधार पर पुलिस ने लड़की को हिरासत में लिया.
मंगेतर को रास्ते से हटाने घर से बैग में रखकर लाई थी हथौड़ी
पुलिस की पूछताछ में नाबालिग ने जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि घटना के एक दिन पहले ही दोनों की फोन पर बात हुई थी और मिलने की बात तय हुई थी. तभी उसने युवक को रास्ते से हटाने की प्लानिंग कर ली थी. अगले दिन जब कॉल आया तो उसने घर से निकलते समय हथौड़ी बैग में रख ली. कार से दोनों खंडहर में पहुंचे. यहां मोहित के साथ वह थोड़ी देर घूमी. जैसे ही मोहित पीछे मुड़ा लड़की ने बैग से हथौड़ी निकालकर उसके सिर पर हथौड़ी से करीब 12 से 13 बार वार कर दिए. वह बेहोश हो गया. लड़की को लगा युवक की मौत हो गई तो हथौड़ी बैग में रखकर वहां से निकल गई. फिर ऑटो में बैठकर शहर पहुंची. यहां एक दुकान से जरूरत का सामान भी खरीदा और घर चली गई. फिर घर जाकर बाथरूम में हथौड़ी से खून साफ किया, जिससे किसी को शक न हो.
लड़की का आरोप-आपत्तिजनक तस्वीरें मांग रहा था मंगेतर
पुलिस की पूछताछ में नाबालिग लड़की ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने बताया कि मोहित भी खरगोन का रहने वाला है. उसकी सगाई करीब डेढ़ साल पहले हुई थी. सगाई के बाद दोनों की बातचीत होती रहती थी. घरवालों ने तय किया था कि पढ़ाई पूरी होने और बालिग होने के बाद उसकी शादी कर देंगे. वह देपालपुर से धार अपने रिश्तेदार के यहां पर पढ़ाई करने आई थी. लड़की ने युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा वह सगाई के बाद से उसे लगातार परेशान कर रहा था. युवक उससे आपत्तिजनक फोटो मांगने का दबाव बना रहा था. इससे वह परेशान हो गई. इसके बाद उसने अपने मंगेतर को जान मारने की साजिश रची. फिर उससे सुनसान इलाके में मिलने पहुंची. मोहित ने गलत हरकत करने की कोशिश की. इससे दोनों के बीच विवाद हो गया और फिर उसने अपने बैग में रखी हथौड़ी निकालकर मोहित पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. फिलहाल पुलिस ने दोंनो पक्षों की तरफ से मामला दर्ज कर लिया है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें