गाजियाबाद में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रिक्शा चालक ने पत्नी के बॉयफ्रेंड को जयपुर से बुलाकर मार डाला। फरसे से उसके टुकड़े-टुकड़े कर दिए। इसके बाद कुछ टुकड़ों को बोरी में भरकर नहर किनारे फेंक दिया।
पुलिस ने अवशेष बरामद कर आरोपी रिक्शा चालक को गिरफ्तार कर लिया है। अभी सिर सहित शरीर के कई पार्ट मिल नहीं पाए हैं। जिनके लिए पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है।
जयपुर का रहने वाला था अक्षय
DCP दीक्षा शर्मा ने बताया कि शनिवार दोपहर 2 बजे पुलिस कंट्रोल रूम में एक फोन आया। फोन करने वाले शख्स ने खोड़ा थाना क्षेत्र में पुश्ता के पास एक बोरे में शव होने की सूचना दी। बोरे के अंदर से कुछ अंग बाहर निकले हुए थे। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तो उसमें से एक युवक की लाश कई टुकड़ों में मिली। मृतक की पहचान अक्षय के रूप में हुई। वह मूल रूप से राजस्थान में जयपुर जिले के कोटपुतली का रहने वाला था।
आखिरी बार रिक्शा चालक के साथ देखा गया था मृतक
पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि मरने वाले शख्स को आखिरी बार रिक्शा चालक मी लाल के साथ देखा था। मी लाल आदर्श कॉलोनी खोड़ा का रहने वाला है। पुलिस ने मी लाल को कस्टडी में ले लिया। उससे पूछताछ की तो उसने हत्या करने की बात कुबूल की। आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से संभल का रहने वाला है। वह पिछले करीब डेढ़ साल से खोड़ा में रह रहा है।
मुलाकात के बहाने जयपुर से बुलाकर मार डाला
आरोपी ने बताया कि अक्षय के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। उसने कई बार पत्नी को अक्षय से फोन पर बात करते हुए पकड़ा था। अक्षय करीब तीन साल पहले गाजियाबाद में रहा था। उसी दौरान उसका मी लाल की पत्नी से अफेयर हो गया था। आरोपी के अनुसार, उसने पत्नी से फोन करवाकर अक्षय को मुलाकात के बहाने गाजियाबाद बुलाया। इस पर अक्षय 19 जनवरी को गाजियाबाद आ गया था।
19 जनवरी को हत्या, 20 जनवरी को लाश के टुकड़े फेंके
19 जनवरी को ही आरोपी मी लाल ने अक्षय की हत्या कर दी। इसके बाद फरसे से शव के 10-12 टुकड़े किए। फिर 20 जनवरी की रात एक बोरे में उसने कुछ टुकड़ों को भरकर खोड़ा में नहर के पास फेंक दिया। जबकि सिर और अन्य कुछ पार्ट दूसरी जगह फेंक दिए। अब 21 जनवरी को जब लोगों की नजर बोरे पर पड़ी, तब इस वारदात का खुलासा हुआ है। पुलिस को अभी सिर सहित कई अंग नहीं मिल पाए हैं। पुलिस हत्यारोपी की निशानदेही पर उन अंगों को भी बरामद करने का प्रयास कर रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें