राजस्थान के उदयपुर जिले में दिल को दहला देने वाली वारदात सामने आई है. यहां शराब के नशे में धुत्त शराबी ने राह चलती एक महिला को पकड़कर उसे पीट-पीटकर मार डाला. इस दौरान एक शख्स और दो नाबालिग उसका वीडियो बनाते रहे.
पुलिस ने आरोपी को पकड़ गिरफ्तार कर लिया है. लेकिन पुलिस उस वक्त हैरान रह गई जब शराबी ने हत्या के कारणों का खुलासा किया. आरोपी शराबी का कहना था कि उसके मन में विचार आया कि वह तो शिव का रूप है. उसे लगा कि वह महिला को मारकर वापस उसे जिंदा कर देगा. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
उदयपुर पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण ने बताया कि हत्या की यह वारदात सायरा पुलिस थाना के इलाके में शनिवार को सामने आई है. यहां शराबी प्रताप सिंह ने अपने पीहर जा रही महिला कालकी गमेती (85) को पकड़कर उसकी हत्या कर दी. प्रताप सिंह ने महिला को पकड़कर इस कदर पीटा की उसकी मौत हो गई. इस दौरान वहां एक शख्स और दो नाबालिग बकरियां चरा रहे थे. वे पूरी घटना का वीडियो बनाते रहे. उन्होंने उस शराबी को रोकने का प्रयास नहीं किया. उसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया गया. पुलिस ने इस मामले में हत्या के आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है. वहीं दोनों नाबालिगों को भी निरुद्ध किया गया है.
आरोपी बोला-मुझे लगा मैं शिव का अवतार हूं
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी से पूछताछ में चौंकाने वाली बात सामने आई है. आरोपी ने कबूला है कि उसने खुद को शिव का अवतार मानते हुए महिला की निर्मम हत्या कर दी. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे लग रहा था कि वह महिला के मरने के बाद उसे फिर से जीवित कर सकता है. यही सोचकर उसने महिला की जान ले ली.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें